तेज रफ्तार ट्रक घर में घुसा, 17 लोग बाल-बाल बचे:बुलंदशहर में तीन कारें बुरी तरह से डैमेज, ड्राइवर-कंडक्टर हिरासत में; सुबह 3:50 बजे हुआ हादसा
बुलंदशहर में सोमवार तड़के एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर एक रिहायशी मकान में घुस गया। हादसे के समय घर में दो परिवारों के 17 सदस्य सो रहे थे। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन मकान का अगला हिस्सा और परिसर में खड़ी तीन कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 3:50 बजे की है। मकान में मौजूद सभी लोग गहरी नींद में थे। अचानक जोरदार धमाके के साथ ट्रक मकान की दीवार तोड़ते हुए अंदर घुस गया। टक्कर इतनी तेज थी कि पूरा घर हिल गया और परिजन घबराकर बाहर निकल आए। घर के अंदर सो रहे थे 17 लोग मकान मालिक भागेंद्र सिंह ने बताया कि उनके घर में दो भाइयों के परिवार रहते हैं, जिनमें कुल 17 सदस्य हैं। हादसे के समय सभी लोग घर में मौजूद थे। ट्रक के घर में घुसने से अफरा-तफरी मच गई, लेकिन सभी सदस्य सुरक्षित बच गए। मकान और तीन कारों को भारी नुकसान भागेंद्र सिंह, टिंकू सिंह और विक्रम सिंह के अनुसार, हादसे में मकान को गंभीर नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा घर के परिसर में खड़ी तीन कारें भी क्षतिग्रस्त हो गईं। परिवार का कहना है कि दुर्घटना से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। ‘ऐसा लगा जैसे भूकंप आ गया हो’ परिजनों ने बताया कि सुबह पौने चार बजे अचानक जोरदार धमाका हुआ। कुछ पल के लिए उन्हें लगा कि भूकंप आ गया है। बाहर निकलकर देखा तो ट्रक घर के अंदर घुसा हुआ था और चारों तरफ मलबा फैला था। ड्राइवर-कंडक्टर हिरासत में सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने ट्रक चालक और कंडक्टर को हिरासत में ले लिया है। प्रारंभिक जांच में चालक को झपकी आने की आशंका जताई जा रही है। सुबह क्रेन की मदद से ट्रक को मकान से बाहर निकाला गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
Source link

