सुल्तानपुर में बच्चों के विवाद में 2 भाइयों पर हमला:पिता-पुत्रों समेत 5 लोगों ने लाठी-डंडों से पीटा, पुलिस बोली- फायरिंग नहीं हुई
सुल्तानपुर के कुड़वार थाना क्षेत्र के मिठनेपुर गांव में बच्चों के मामूली विवाद को लेकर दो सगे भाइयों पर लाठी-डंडों से हमला किया गया। सूचना मिलने पर सीओ सिटी सौरभ सामंत और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। पुलिस अधिकारियों ने सोशल मीडिया पर फायरिंग की खबरों का खंडन किया है। मंगलवार सुबह मिठनेपुर गांव में बच्चों के विवाद को लेकर कहासुनी हुई थी। दोपहर बाद दोनों पक्षों में फिर मारपीट हो गई, जिसके बाद डायल 112 पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया था। कुड़वार एसओ प्रवीण कुमार यादव ने बताया कि तीन-चार दिन पहले अवनीश गिरी, उनके भाई और पड़ोसी संजय गिरी के बीच भी विवाद हुआ था, जिसके कारण दोनों पक्षों में तनाव था। एसओ प्रवीण कुमार यादव के अनुसार, मंगलवार को सूचना मिली कि संजय गिरी, गांव के आशीष दुबे, अनूप दुबे (ओंकार दुबे के पुत्र), ओंकार दुबे और श्याम सुंदर मिश्रा के साथ अवनीश गिरी के घर के पास पहुंचे। उन्होंने अवनीश गिरी पर लाठी-डंडों से हमला किया, जिससे उन्हें चोटें आईं और उनका हाथ फट गया। पुलिस ने बताया कि अभी पीड़ित की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। घायल का मेडिकल कराया जा रहा है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। उधर, पीड़ित अवनीश गिरी का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह बता रहे हैं कि उनके भाई घर के बाहर खटिया पर लेटे थे, तभी गांव के कुछ लोग वहां पहुंचे। अवनीश का आरोप है कि हमलावरों ने उनके भाई की कनपटी पर तमंचा सटा दिया और उन्हें जबरन ‘बेला’ नामक स्थान पर ले जाने की कोशिश की। जब अवनीश अपने भाई को बचाने दौड़े, तो हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया। अवनीश का दावा है कि उन्होंने किसी तरह अपना बचाव किया, जिससे उनके हाथ पर गंभीर चोटें आईं। इसके बाद मौके पर जुटे ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया। अवनीश गिरी की पीठ, कोहनी और हाथ पर चोट और रगड़ के निशान हैं, और उनके कपड़े भी फटे हुए पाए गए।
Source link

