जोधपुर से मुंबई-गुजरात जाने वाले रेल यात्रियों के लिए सूचना:11 ट्रेनों का वडोदरा स्टेशन पर अस्थायी ठहराव निरस्त, विश्वामित्री और बाजवा स्टेशन पर रुकेंगी
मुंबई और गुजरात की ओर यात्रा करने वाले रेल यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना है। पश्चिम रेलवे के वडोदरा स्टेशन पर नई रेल लाइन निर्माण और यार्ड रिमॉडलिंग कार्य के चलते जोधपुर-भगत की कोठी से संचालित होकर गुजरने वाली 11 ट्रेनों का वडोदरा स्टेशन पर अस्थायी ठहराव निरस्त किया गया है। इसके स्थान पर इन ट्रेनों को निर्धारित अवधि में विश्वामित्री और बाजवा स्टेशन पर रोका जाएगा। यह व्यवस्था 20 जून से 24 जून 2026 तक प्रभावी रहेगी। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि वडोदरा स्टेशन पर लाइन और यार्ड से जुड़े महत्वपूर्ण तकनीकी कार्य किए जा रहे हैं। इसके कारण कुछ समय के लिए प्लेटफॉर्म उपलब्धता प्रभावित रहेगी। यात्रियों की सुविधा और रेल संचालन को सुचारु बनाए रखने के लिए वैकल्पिक ठहराव की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि कार्य पूर्ण होने के बाद ट्रेनों के संचालन में गति और क्षमता दोनों में सुधार होगा। विश्वामित्री स्टेशन पर अस्थाई ठहराव ● 04827 भगत की कोठी–बांद्रा टर्मिनस स्पेशल,प्रस्थान-20 जून। आगमन रात्रि 1:25 बजे । प्रस्थान 1:30 बजे ● 04828 बांद्रा टर्मिनस-भगत की कोठी स्पेशल,प्रस्थान-21 जून। आगमन सायं 4:35 बजे। प्रस्थान-सायं 4:40 बजे ● 20625 चेन्नई एग्मोर-भगत की कोठी सुपरफास्ट,प्रस्थान-21 से 23 जून। आगमन रात्रि 11:35 बजे। प्रस्थान 11:40 बजे ● 11089 भगत की कोठी-पुणे साप्ताहिक,प्रस्थान-23 जून। आगमन रात्रि 10 बजे। प्रस्थान 10:05 बजे ● 12480 बांद्रा टर्मिनस-जोधपुर सूर्यनगरी एक्सप्रेस,प्रस्थान-23/24 जून। आगमन सुबह 6:10 बजे। प्रस्थान 6:15 बजे ● 12479 जोधपुर-बांद्रा टर्मिनस सूर्यनगरी एक्सप्रेस,प्रस्थान-23 जून। आगमन सुबह 5:30 बजे । प्रस्थान 5:35 बजे ● 22991 वलसाड-भगत की कोठी एक्सप्रेस,प्रस्थान-23 जून। आगमन रात्रि 9:50 बजे । प्रस्थान 9:55 बजे ● 12490 दादर-श्रीगंगानगर सुपरफास्ट,प्रस्थान-24 जून। आगमन रात्रि 8:55 बजे। प्रस्थान 9 बजे ● 22737 सिकंदराबाद-हिसार सुपरफास्ट,प्रस्थान-23 जून। आगमन रात्रि 9:50 बजे। प्रस्थान 9:55 बजे बाजवा स्टेशन पर अस्थाई ठहराव ● 20495 जोधपुर-हडपसर सुपरफास्ट,प्रस्थान-22/23 जून। आगमन सुबह 7:35 बजे। प्रस्थान 7:40 बजे ● 20484 दादर-भगत की कोठी सुपरफास्ट,प्रस्थान-23 जून। आगमन रात्रि 9:25 बजे। प्रस्थान 9:30 बजे यात्रा से पहले ट्रेन की जानकारी लेवें विश्वामित्री स्टेशन से वडोदरा शहर की दूरी करीब 5 किलोमीटर और बाजवा स्टेशन से लगभग 8 किलोमीटर है। रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन का अपडेटेड ठहराव और समय 139 हेल्पलाइन,एनटीईएस ऐप अथवा रेलवे पूछताछ से अवश्य जांच लें। स्वर्णगरीआंशिक रद्द ,लीलण एक्सप्रेस लेट,पुरी एक्सप्रेस बहाल उत्तर पश्चिम रेलवे पर चल रहे निर्माण और तकनीकी कार्यों के कारण आगामी दिनों में तीन रेल सेवाएं प्रभावित रहेंगी। इनमें एक ट्रेन आंशिक रद्द रहेगी,एक रीशेड्यूल होकर चलेगी, जबकि एक पूर्व घोषित प्रभावित ट्रेन को बहाल कर दिया गया है। जोधपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने बताया कि राईका बाग-जैसलमेर रेलखंड पर तिंवरी-ओसियां स्टेशनों के बीच ब्रिज संख्या 42 और 44 पर गर्डर लॉन्चिंग कार्य किया जाएगा। इसके चलते गाड़ी संख्या 12249 शकूरबस्ती-जैसलमेर एक्सप्रेस 13 जून को शकूरबस्ती से चलकर केवल जोधपुर तक ही पहुंचेगी। ट्रेन का जोधपुर-जैसलमेर खंड आंशिक रूप से रद्द रहेगा। वहीं डेगाना-फुलेरा रेलखंड के नावां सिटी स्टेशन पर फुट ओवर ब्रिज निर्माण के लिए ट्रैफिक ब्लॉक लिया जाएगा। इसके कारण गाड़ी संख्या 12467 जैसलमेर-जयपुर लीलण सुपरफास्ट एक्सप्रेस 16 जून को जैसलमेर से एक घंटे देरी से रवाना होगी। उधर यात्रियों के लिए राहत की खबर है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल में बिलासपुर-चांपा सेक्शन पर तीसरी-चौथी लाइन और ऑटो सिग्नलिंग का प्रस्तावित कार्य फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। ऐसे में गाड़ी संख्या 20814 जोधपुर-पुरी सुपरफास्ट एक्सप्रेस 13 जून को अपने तय मार्ग और समय के अनुसार सामान्य रूप से चलेगी।
Source link

