युवक ने ससुराल में खुद को लगाई आग:हाथरस में पत्नी से विवाद के बाद पेट्रोल डालकर आत्महत्या का प्रयास, हालत गंभीर
हाथरस के चंदपा कोतवाली क्षेत्र के खेड़ा परसोली गांव में एक युवक ने आज सुबह अपनी ससुराल में खुद को आग लगा ली। पत्नी और अन्य ससुरालियों से हुए विवाद के बाद युवक ने अपने शरीर पर पेट्रोल डालकर यह कदम उठाया। इस घटना में वह गंभीर रूप से झुलस गया। युवक की पहचान सादाबाद के गांव सरोंठ निवासी 34 वर्षीय विक्रम सिंह पुत्र प्रताप सिंह के रूप में हुई है। उसकी ससुराल खेड़ा परसोली गांव में है। विक्रम की पत्नी पिछले कुछ समय से अपने मायके में रह रही थी। उनके दो बच्चे भी हैं। उसकी 7 साल पहले शादी हुई थी। आरोप है कि विक्रम सिंह शराब पीकर अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था। जिला अस्पताल में कराया भर्ती जानकारी के अनुसार, विक्रम सिंह बीती रात अपनी ससुराल आया था। आज सुबह उसने अपनी पत्नी को अपने साथ ले जाने की जिद की, लेकिन पत्नी ने साथ जाने से इनकार कर दिया। इसी बात पर विवाद बढ़ गया और विक्रम सिंह ने अपने शरीर पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। घटना के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। ससुराल के लोग गंभीर रूप से झुलसे विक्रम सिंह को तुरंत जिला अस्पताल ले गए। अस्पताल प्रशासन ने घटना की सूचना पुलिस को दे दी है। विक्रम सिंह की हालत गंभीर बनी हुई है।
Source link

