ऊना में चिट्टे समेत 2 नशा तस्कर गिरफ्तार:पंजाब के रहने वाले दोनों; बाइक से मिला 63 ग्राम से ज्यादा नशा
ऊना के संतोषगढ़ में टाहलीवाल रोड पर विशेष जांच इकाई (SIU) ने पंजाब के दो युवकों से 63.32 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में सतीश कुमार और मंजीत कुमार को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी होशियारपुर जिले के जैंजों के निवासी हैं। पुलिस गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों से कड़ी पूछताछ कर रही है। इस दौरान उनके नशा तस्करी के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज का पता लगाया जा रहा है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। यह कार्रवाई सोमवार देर शाम SIU ऊना की पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर की। मोटरसाइकिल से 63.32 ग्राम चिट्टा बरामद संतोषगढ़ में टाहलीवाल रोड पर एक मोटरसाइकिल को जांच के लिए रोका गया। जांच के दौरान मोटरसाइकिल से 63.32 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ, जिसे छिपाकर रखा गया था। इसके बाद पुलिस ने मोटरसाइकिल चालक सतीश कुमार और पीछे बैठे मंजीत कुमार को हिरासत में ले लिया। उन्हें पुलिस थाने ले जाकर पूछताछ की गई। एसपी की अपील- नशे के खिलाफ लड़ाई में आगे आएं एसपी ऊना सचिन हिरेमठ ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ मादक द्रव्य अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और इसके बाद आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। एसपी हिरेमठ ने आमजन से अपील की है कि वे नशे के खिलाफ इस लड़ाई में आगे आएं। संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें और नशा मुक्त समाज बनाने में अपना योगदान दें। उन्होंने आश्वासन दिया कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। जिला पुलिस ऊना ने दोहराया है कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है और उन्हें नशे के दलदल से बचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए जिला पुलिस की कार्रवाई भविष्य में भी इसी प्रकार लगातार जारी रहेगी।
Source link

