भंगरोटू के प्रिंसिपल के निलंबन पर MLA गांधी नाराज:आदेश वापस न लेने पर आंदोलन का ऐलान; कार्रवाई को बताया दुर्भाग्यपूर्ण
मंडी जिले के बल्ह विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक इंद्र सिंह गांधी ने भंगरोटू कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय को सीबीएसई स्कूल में बदलने और प्रिंसिपल निलंबन पर प्रदेश सरकार की आलोचना की है। उन्होंने कहा कि सरकार के इस निर्णय से अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों में नाराजगी है। विधायक गांधी ने बताया कि भंगरोटू कन्या स्कूल को सीबीएसई स्कूल में परिवर्तित किया गया है। उन्होंने दावा किया कि स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी), अभिभावक, प्रिंसिपल और उन्होंने स्वयं इस निर्णय का विरोध किया था और स्कूल को पहले की तरह रखने की मांग की थी। इस संबंध में उन्होंने शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से भी मुलाकात की थी, जहां उन्हें सकारात्मक आश्वासन मिला था। निलंबन आदेश तुरंत वापस ले सरकार विधायक ने आरोप लगाया कि स्कूल को सीबीएसई में बदलने के बाद वर्तमान प्रिंसिपल को पहले कारण बताओ नोटिस जारी किया गया और अब उन्हें निलंबित करने के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने इस कार्रवाई को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। गांधी ने चेतावनी दी कि यदि निलंबन आदेश तुरंत वापस नहीं लिए गए, तो वे शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों के साथ मिलकर चक्का जाम और उग्र आंदोलन करेंगे। प्रदेश में शिक्षा के गिरते स्तर पर चिंता व्यक्त इंद्र सिंह गांधी ने प्रदेश में शिक्षा के गिरते स्तर पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सरकार स्कूलों को बंद करने और विलय करने की नीति पर काम कर रही है। विधायक ने कटाक्ष किया कि सरकार व्यवस्था परिवर्तन की बात करती है, लेकिन उसके फैसलों से शिक्षा व्यवस्था कमजोर हो रही है। उन्होंने सरकार से जनभावनाओं का सम्मान करते हुए इन निर्णयों पर पुनर्विचार करने की मांग की।
Source link

