बस्ती में जमीन विवाद को लेकर हत्या:गवाही को लेकर हुई मारपीट, अधेड़ उम्र के शख्स को मारा, गांव में PAC तैनात
बस्ती के लालगंज थाना क्षेत्र में सोमवार रात करीब 11 बजे जमीन के विवाद को लेकर हुई मारपीट ने हिंसक रूप ले लिया। मारपीट में एक व्यक्ति की मौत हो गई। गांव में तनाव का माहौल है, जिसके चलते मौके पर पुलिस और पीएसी तैनात की गई है। जानकारी के अनुसार, गांव में जमीन संबंधी एक मामले में बैनामे की गवाही को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी। यह विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। मारपीट के दौरान लक्ष्मिन नाम के व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। लक्ष्मिन की मौत की खबर गांव पहुंचते ही स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। आक्रोशित परिजनों और समर्थकों ने कथित आरोपी पक्ष के मकान को घेर लिया और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया। अपर पुलिस अधीक्षक श्यामाकांत और क्षेत्राधिकारी रुधौली तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों पक्षों से बातचीत कर लोगों को शांत कराया और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गांव में किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल और पीएसी के जवान तैनात किए गए हैं। पूरे गांव को सुरक्षा घेरे में लेकर लगातार निगरानी की जा रही है।
Source link

