राहुल गांधी पर मानहानि याचिका पर आज हाईकोर्ट में सुनवाई:एमपी-एमएलए कोर्ट पेश करेगा ऑर्डर शीट; पनामा पेपर्स लीक पर दिए बयान से जुड़ा मामला
जबलपुर हाईकोर्ट में मंगलवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर मानहानि याचिका पर एक बार फिर सुनवाई होगी। पिछली सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने भोपाल की एमपी-एमएलए विशेष अदालत से मामले की ऑर्डर शीट पेश करने के निर्देश दिए थे। आज यह दस्तावेज अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा। यह मामला केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बेटे कार्तिकेय सिंह चौहान द्वारा दायर मानहानि प्रकरण से जुड़ा है। भोपाल की एमपी-एमएलए कोर्ट ने राहुल गांधी को समन जारी किया था, जिसे राहुल गांधी ने हाईकोर्ट में चुनौती दी है। राहुल गांधी का पक्ष है कि समन जारी करने की प्रक्रिया और उसके आधारों की न्यायिक समीक्षा जरूरी है। उन्होंने समन को निरस्त करने की मांग की है। क्या है मामला? कार्तिकेय सिंह चौहान ने शिकायत में कहा था कि 2018 में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहते हुए राहुल गांधी ने झाबुआ की चुनावी सभा में भाषण दिया था। इस दौरान उन्होंने कथित रूप से पनामा पेपर्स लीक मामले का जिक्र करते हुए तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और उनके बेटे कार्तिकेय का नाम लिया था। कार्तिकेय का आरोप है कि राहुल गांधी के इस बयान से उनकी छवि को नुकसान पहुंचा और इसी आधार पर उन्होंने मानहानि का मुकदमा दायर किया। हालांकि, राहुल गांधी ने अगले ही दिन स्पष्ट किया था कि वे छत्तीसगढ़ के तत्कालीन मुख्यमंत्री रमन सिंह के बेटे का नाम लेना चाह रहे थे, लेकिन भ्रमवश कार्तिकेय चौहान का नाम ले लिया था। हाईकोर्ट में चुनौती भोपाल की एमपी-एमएलए विशेष अदालत द्वारा जारी समन को राहुल गांधी ने मध्यप्रदेश हाईकोर्ट में चुनौती दी है। अब अदालत यह तय करेगी कि निचली अदालत द्वारा जारी समन कानूनी रूप से उचित था या नहीं। मामले की सुनवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
Source link

