धर्मशाला में नहाना, कार में मेकअप… कैमरे में कैद स्नैचिंग-गैंग:दिल्ली से कार से निकलते, महिलाएं कार्यक्रम में ऑटो से पहुंचतीं, स्टीयरिंग में छिपाती थीं चेन

धर्मशाला में नहाना, कार में मेकअप… कैमरे में कैद स्नैचिंग-गैंग:दिल्ली से कार से निकलते, महिलाएं कार्यक्रम में ऑटो से पहुंचतीं, स्टीयरिंग में छिपाती थीं चेन




रुकना या स्नान करना हो तो ऐसी धर्मशाला तलाशो, जहां पहचान पत्र ना देना पड़े। मेकअप चलती कार में ही करो… और जिस तरह का आयोजन हो, उसी के मुताबिक गेटअप तैयार करो। यह कोई फिल्मी स्क्रिप्ट नहीं, बल्कि उस शातिर चेन स्नैचिंग गैंग की असल रणनीति थी, जिसका खुलासा पुलिस ने किया है। जैन मुनि सुधा सागर महाराज के गुना आगमन के दौरान हुई चेन स्नैचिंग की वारदातों की जांच में पुलिस ने तमिलनाडु की एक ऐसी गैंग को पकड़ा है, जो दिल्ली से ऑपरेट होकर देशभर के बड़े धार्मिक आयोजनों को निशाना बनाती थी। गैंग की महिलाएं श्रद्धालु बनकर भीड़ में घुसती हैं और मौका मिलते ही महिलाओं की सोने की चेन चोरी कर भीड़ में गायब हो जातीं। कार की स्टीयरिंग में चेन छिपाकर दिल्ली निकल जाती। इनके मोबाइल फोन में कई बड़े कार्यक्रमों की डिटेल भी मिली है, यानी गैंग में शामिल दो सदस्य महीनेभर के बड़े ईवेंट के कैलेंडर तैयार करने का काम करते थे। पढ़िए रिपोर्ट… 3 जून को चेन स्नैचिंग की रिपोर्ट लिखाने दो लोग पहुंचे थाने केस- 1 : अलका जैन कैंट थाने पहुंची और चेन स्नैचिंग की रिपोर्ट दर्ज की। उन्होंने बताया कि वह 3 जून को जैन मुनि सुधा सागर महाराज के अगुआनी जुलूस में शामिल हुई थीं। मेरे साथ संध्या जैन भी थीं। हम दोनों ने सोने की चेन पहन रखी थी, जिसका वजन करीब 30 ग्राम रहा होगा। जुलूस के दौरान किसी ने भीड़ का फायदा उठाकर गले से चेन खींच ली। केस- 2 : पुरानी गल्ला मंडी निवासी प्रदीप सराफ ने भी कैंट थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया था कि 3 जून को वह पत्नी अंजू सराफ के साथ मुनि सुधा सागर महाराज की अगुआनी करने गए थे। वह हनुमान चौराहे पर थे। महाराज श्री के आगमन के दौरान काफी भीड़ हो गई थी। इसी दौरान पत्नी के गले से करीब 15 ग्राम वजनी सोने की चेन चोरी हो गई। पंचकल्याणक उत्सव में गुना के अलावा दूसरे जिलों से श्रद्धालु आए थे 3 जून 2026 को मुनिश्री सुधा सागर महाराज की शहर में अगुआनी हुई। महाराज के स्वागत में पूरा शहर दुल्हन की तरह सजा हुआ था। हनुमान चौराहे पर भव्य कार्यक्रम हुआ। मुख्य आयोजन नसिया जी में हुआ। पांच दिन तक चले पंचकल्याणक उत्सव में गुना के अलावा दूसरे जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचे। आयोजन के दौरान हनुमान चौराहे और नसिया जी परिसर में 10 से अधिक चेन स्नैचिंग की वारदात हुईं। मामला पुलिस तक पहुंचा तो जांच शुरू हुई। मार्ग में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें सजी-धजी महिलाएं वारदातों को अंजाम देती नजर आईं। हनुमान चौराहे पर तो कुछ पुरुष भी संदिग्ध गतिविधियों में शामिल दिखे। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने पड़ताल आगे बढ़ाई। पता चला कि आयोजन वाले दिन कई गैंग शहर पहुंची थीं। पुलिस को इनपुट मिला कि जुलूस के दौरान चेन स्नैचिंग करने वाली एक गैंग देवास जिले में पकड़ी गई है। कैंट पुलिस की टीम देवास पहुंची, जहां चार महिला और तीन पुरुष मिले। आरोपियों ने अपने नाम रवि पुत्र राजा (29), देवी पत्नी रवि (40) निवासी नेवसराय दक्षिण दिल्ली, देवेंद्र पुत्र प्रकाश (40), ज्योति पत्नी सागर अन्ना मानकर (30), मैगमा पत्नी चंगा (36), जया पत्नी शिवराज (55) और राहुल उर्फ विशाल पुत्र नागिया (30) निवासी अंबेडकर नगर दक्षिण दिल्ली बताया। आरोपियों ने गुना में हुई तीन चेन स्नैचिंग की वारदात कबूली। तीन सोने की चेन बरामद, कीमत करीब 7.5 लाख रुपए गुना कैंट थाने में दर्ज दो एफआईआर में तीन लोगों की चेन चोरी होने की शिकायत सामने आई थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन सोने की चेन बरामद कर ली हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 7.5 लाख रुपए है। जया गैंग की लीडर, पुरुष बड़े आयोजन की लिस्ट बनाते पुलिस जांच में सामने आया है कि सभी आरोपी मूल रूप से तमिलनाडु के रहने वाले हैं, लेकिन लंबे समय से दिल्ली में रहकर गैंग चला रहे थे। गैंग की कमान जया के हाथ में थी। वही महिलाओं को पूरी रणनीति समझाती और वारदात के लिए निर्देशित करती थी। मैगमा, देवी और ज्योति, जैसा जया कहती- उसी अनुसार काम करती थीं। गैंग में शामिल रवि, राहुल और सागर देशभर में होने वाले बड़े धार्मिक और सामाजिक आयोजनों की जानकारी जुटाते थे। इसके लिए वे यू-ट्यूब और सोशल मीडिया का सहारा लेते थे। आरोपियों के मोबाइल फोन से देशभर में होने वाले कई आयोजनों की जानकारी पुलिस को मिली है। दिल्ली से कार में आते थे, शहर में ऑटो से एंट्री करते आरोपियों ने बताया कि किसी कार्यक्रम की जानकारी मिलने के बाद वे जया की कार से दिल्ली से निकलते थे, जिस शहर में कार्यक्रम होना होता, वहां पहुंचते, लेकिन शहर के बाहर ही कार को पार्क कर देते। शहर के बाहरी इलाके में कार खड़ी कर महिलाएं ऑटो से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचती थीं, जबकि पुरुष कार के पास ही रुकते थे। वारदात के बाद महिलाएं दोबारा ऑटो से शहर के बाहर पहुंचतीं और वहां से कार में सवार होकर निकल जाती थीं। यह सब इसलिए, जिससे कार शहर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड न हो सके। धर्मशाला में नहाते, कार में करते थे मेकअप पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि गैंग के सदस्य होटल में नहीं रुकते थे, क्योंकि वहां पहचान पत्र देना पड़ता था। इससे बचने के लिए वे ऐसी धर्मशालाओं या स्थानों की तलाश करते थे, जहां बिना आईडी के कुछ समय के लिए रुका जा सके। स्नान और तैयार होने का काम किया जाता था। महिलाएं चलती कार में ही मेकअप करती थीं और आयोजन के स्वरूप तथा स्थानीय माहौल के अनुसार साड़ी या सूट पहनती थीं, ताकि आसानी से भीड़ में घुल-मिल सकें। जहां भी चेन स्नैचिंग के लिए ये जाती थीं। इन्हें पहले से बता दिया जाता था कि आयोजन किस प्रकार का है और गेटअप क्या रहेगा। गाड़ी में पूरा किचन, रास्ते में बनाते थे खाना गैंग के सदस्य अपने साथ गैस सिलेंडर, आटा, दाल, मसाले और अन्य जरूरी खाद्य सामग्री भी रखते थे। दिल्ली से निकलने के बाद वे रास्ते में सुनसान या सुरक्षित स्थान पर रुक कर खाना बनाते, भोजन करते। कुछ देर आराम करने के बाद रवाना हो जाते थे। यह सब इसलिए करते थे, ताकि होटल आदि में जाने से बचा जा सके, क्योंकि यहां भी सीसीटीवी कैमरे में कैद होने का खतरा रहता था। भेड़ाघाट, आगरा, ग्वालियर में भी वारदात कर चुके पुलिस के अनुसार, गिरोह ने 3 से 10 जून के बीच आगरा, ग्वालियर, शिवपुरी, भेड़ाघाट (जबलपुर), गुना और देवास सहित कई शहरों में चेन स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम दिया। आरोपियों के मोबाइल फोन से देशभर में होने वाले आगामी धार्मिक आयोजनों की लिस्ट भी बरामद हुई है। गोरखपुर की गैंग भी सक्रिय, पुलिस कर रही तलाश गिरोह की महिला सदस्य धार्मिक कथा, प्रवचन और जुलूसों में आम श्रद्धालु बनकर शामिल होती थीं। भीड़ बढ़ते ही वे महिलाओं के गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो जाती थीं। जांच में यह भी सामने आया है कि उत्सव के दौरान हुई अन्य चेन स्नैचिंग में एक दूसरी गैंग भी सक्रिय थी, जिसका संबंध गोरखपुर से है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। गुना कोतवाली पुलिस रिमांड लेकर कर रही पूछताछ एसपी हितिका वासल ने बताया- देवास जिले में चेन स्नैचिंग के मामले में गिरफ्तार सात आरोपियों को कैंट पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। इसके बाद गुना कोतवाली पुलिस ने चेन स्नैचिंग के अन्य मामलों में पूछताछ के लिए गैंग को रिमांड पर लिया है। कोतवाली थाना क्षेत्र में दर्ज कुछ मामलों में इनसे पूछताछ की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

India Fontline News

Subscribe Our NewsLetter!