UPTET: परीक्षा केंद्र पर रुमाल निकलवाया, मेटल डिटेक्टर से तलाशी:शहर के 32 परीक्षा केंद्रों में सघन चेकिंग से बाद मिला प्रवेश
कानपुर में उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से आयोजित उप्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी) पहली पाली के लिए अभ्यर्थियों को गुरुवार सुबह 08.45 बजे तक कड़ी तलाशी के बाद प्रवेश मिला। शहर के रामलला इंटर कालेज रावतपुर गांव में अभ्यर्थियों को प्रवेश के लिए माइक से एनाउंसमेंट किया गया। अभ्यर्थियों की जेब से रुमाल निकालकर मेटर डिटेक्टर से पूरे शरीर की तलाशी ली गई। तीन दिन (शनिवार तक) तक शहर के 32 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित परीक्षा में 70317 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। कई स्तर पर हुई चेकिंग परीक्षा केंद्रों पर सबसे पहले पुलिसकर्मियों द्वारा प्रवेश पत्र व आधार कार्ड से अभ्यर्थी का मिलान किया गया। उसके बाद मेटल डिटेक्टर से सुरक्षा कर्मियों ने चेकिंग की। कई स्तर की चेकिंग से गुजरते हुए अंत में अभ्यर्थियों की बायोमैट्रिक हुई, उसके बाद कक्ष में प्रवेश दिया गया। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों से बेल्ट उतरवाई गई, इसके अलावा महिला अभ्यर्थियों के बाल भी खुलवाकर तलाशी हुई। दो पालियों में होगी परीक्षा दो और तीन जुलाई को सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे और दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से पांच बजे तक की पाली में होगी। जबकि चार जुलाई को सिर्फ एक पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी। केंद्रों पर स्टेटिक, सेक्टर मजिस्ट्रेट और पुलिस कर्मचारियों को मुस्तैदी बरतने के लिए कहा गया है। पुलिस व प्रशासन के अधिकारी परीक्षा केंद्रों पर निरीक्षण करते रहे।
Source link

