रामपुर रेलवे स्टेशन पर 25.40 किलो गांजा बरामद:महिला समेत 3 तस्कर गिरफ्तार, कीमत 15 लाख; आरोपियों से पूछताछ
रामपुर रेलवे स्टेशन पर सोमवार रात चेकिंग के दौरान टीम ने तीन गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 25.40 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपए बताई जा रही है। कार्रवाई पुलिस महानिदेशक रेलवे, लखनऊ के निर्देश पर की गई। जीआरपी रामपुर, आरपीएफ रामपुर-बरेली और सीआईबी मुरादाबाद व बनारस की संयुक्त टीम सोमवार रात करीब 9 बजे रेलवे स्टेशन पर चेकिंग कर रही थी। प्लेटफार्म नंबर एक पर पकड़े गए 3 आरोपी इसी दौरान प्लेटफार्म नंबर एक पर बरेली की ओर बने साइन बोर्ड के पास तीन संदिग्ध नजर आए। टीम ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके पास गांजा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रमिला देवी (27), रीना देवी (35) और रोहित कुमार (26) के रूप में हुई है। प्रमिला और रीना भागलपुर, बिहार के रंगरा थाना क्षेत्र की रहने वाली हैं, जबकि रोहित कुमार झारखंड के गोड्डा के मधुरा थाना क्षेत्र का निवासी है। तीनों के पास अलग-अलग मिला गांजा तलाशी के दौरान प्रमिला देवी के पास से 6.10 किलो, रीना देवी के पास से 6.10 किलो और रोहित कुमार के पास से 13.20 किलो गांजा बरामद हुआ। तीनों के पास से बरामद गांजे का कुल वजन 25.40 किलो है। पुलिस ने बरामद गांजे को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ जीआरपी रामपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया है। पूछताछ जारी, कोर्ट में होगी पेशी जीआरपी थाना प्रभारी ईश्वर चंद्र ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था। तीनों आरोपियों को मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे संबंधित कोर्ट के समक्ष पेश किया जाएगा। पुलिस के मुताबिक रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में नशीले पदार्थों की तस्करी समेत संदिग्ध गतिविधियों की रोकथाम के लिए चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Source link

