Amroha Sand Overload Fine Rs 1.37 Lakh
रोहित प्रजापति | अमरोहा6 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
अमरोहा पुलिस ने ओवरलोडिंग के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक हाइड्रा वाहन को जब्त किया है। इस वाहन में क्षमता से अधिक 81 टन बालू लदी थी, जिसके लिए कुल 1 लाख 37 हजार 500 रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
यह कार्रवाई शुक्रवार देर शाम करीब आठ बजे अमरोहा एसपी लखन सिंह यादव के निर्देश पर की गई। यातायात प्रभारी राजेंद्र सिंह ने थाना नौगांवा सादात क्षेत्र के नौगांवा-अमरोहा मार्ग पर वाहन को रोककर जांच की।
जांच के दौरान पाया गया कि हाइड्रा वाहन में लगभग 81 टन बालू (रेत) लदी थी, जबकि इसकी निर्धारित वहन क्षमता मात्र 35 टन है। मोटर वाहन अधिनियम के तहत वाहन का 23,500 रुपये का चालान किया गया और उसे थाना नौगांवा सादात में सीज कर दिया गया।
अत्यधिक ओवरलोडिंग को देखते हुए संभागीय परिवहन अधिकारी, अमरोहा को रिपोर्ट भेजी गई। उन्होंने ओवरलोडिंग के संबंध में 1,14,000 रुपये का अतिरिक्त जुर्माना लगाया। साथ ही, संबंधित जिला खनन अधिकारी को भी रिपोर्ट भेजी गई है, जो खनन नियमों के अंतर्गत अलग से कार्रवाई कर रहे हैं। इस प्रकार, वाहन पर कुल 1,37,500 रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
एसपी लखन सिंह यादव ने बताया कि ओवरलोड वाहनों के विरुद्ध की जा रही ऐसी कठोर कार्रवाई से सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी, सड़कें सुरक्षित रहेंगी और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित होगा। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार की प्रभावी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

