करगी रोड रेलवे स्टेशन डिरेलमेंट,10 घंटे में 10 आरोपी गिरफ्तार:ट्रैक पर जेसीबी बकेट आने से हुआ हादसा; मुख्य ठेकेदार अब भी फरार

करगी रोड रेलवे स्टेशन डिरेलमेंट,10 घंटे में 10 आरोपी गिरफ्तार:ट्रैक पर जेसीबी बकेट आने से हुआ हादसा; मुख्य ठेकेदार अब भी फरार




बिलासपुर के करगी रोड रेलवे स्टेशन पर सोमवार को हुई मालगाड़ी डिरेलमेंट की घटना के महज 10 घंटे के भीतर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। बिलासपुर से इंदौर तक के रेलवे स्टेशनों की सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की गई। मामले का मुख्य आरोपी निजी ठेकेदार पवन नायक (निवासी करपा, जिला अनूपपुर) फिलहाल फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए आरपीएफ लगातार दबिश दे रही है और जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है। ट्रैक पर जेसीबी बकेट आने से हुआ हादसा घटना 13 जुलाई की दोपहर करीब 2:20 बजे करगी रोड रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 स्थित लाइन नंबर-3 पर हुई थी। एन-बॉक्स-914 खाली रैक के तीन वैगन पटरी से उतर गए थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि रेलवे ट्रैक पर जेसीबी मशीन का बकेट आ जाने के कारण यह हादसा हुआ। मालगाड़ी आते ही ट्रैक पर छोड़कर भागे मजदूर जांच में पता चला कि जेसीबी बकेट को प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर उतारने के बाद 5-6 मजदूर उसे प्लेटफॉर्म नंबर-1 की ओर ले जा रहे थे। इसी दौरान मालगाड़ी आती देख मजदूर भारी बकेट को ट्रैक पर छोड़कर भाग गए, जिससे मालगाड़ी के तीन वैगन पटरी से उतर गए। नर्मदा एक्सप्रेस के ए-1 कोच में लाया गया था जेसीबी बकेट जांच में सामने आया कि जेसीबी बकेट को इंदौर से करगी रोड तक ट्रेन संख्या 18233 इंदौर-बिलासपुर नर्मदा एक्सप्रेस के ए-1 कोच में लाया गया था। इसे निजी ठेकेदार पवन नायक ने कोच अटेंडेंट के माध्यम से मंगवाया था। सीसीटीवी फुटेज से खुला पूरा मामला घटना के बाद आरपीएफ ने बिलासपुर से इंदौर तक के रेलवे स्टेशनों की सीसीटीवी फुटेज खंगाली। इंदौर रेलवे स्टेशन पर जेसीबी बकेट को नर्मदा एक्सप्रेस के ए-1 कोच में लोड करते हुए देखा गया। इसके आधार पर बिलासपुर स्टेशन पर संबंधित कोच अटेंडेंट से पूछताछ की गई, जिससे बकेट को ट्रेन में चढ़ाने और उतारने वाले लोगों की पहचान हुई। बकेट मंगवाने वाले सहित 10 आरोपी गिरफ्तार मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसलापुर आरपीएफ पोस्ट ने रेलवे अधिनियम के तहत 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में कमलेश टेकाम उर्फ मुन्ना (25), नरहर सिंह उर्फ पिंटू (35), देवा सिंह (38), बुद्धू सिंह (49), छत्रपति मरावी (32), लोकेश मांडवी (19), अनुराग मरावी (31), अभिषेक यादव (21), जेसीबी बकेट मंगवाने वाला मोहम्मद शमीर (24) और कोच अटेंडेंट अमित यादव (23) शामिल हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

India Fontline News

Subscribe Our NewsLetter!