नालंदा में संदिग्ध हालत में महिला की मौत:दहेज के लिए जहर पिलाकर मारने का आरोप; सास-ससुर और पति पर केस
नालंदा में संदिग्ध हालत में एक महिला की मौत हो गई। मायके पक्ष ने ससुराल वालों दहेज के लिए जहर खिलाकर मारने का आरोप लगाया है। मृतका की पहचान बेरथु निवासी अमरजीत कुमार की पत्नी प्रीति कुमारी(25) के तौर पर हुई है। घटना करायपरसुराय थाना क्षेत्र की है। ’दहेज को लेकर प्रताड़ित किया जाता था’ मृतका का मायका पटना जिला के बेलछी थाना क्षेत्र के जगजानपुर गांव में है। मां रिंकू देवी ने बताया कि उनकी बेटी की शादी 2020 में हुई थी। ससुराल वाले शुरू से ही उसे दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे थे। मेरी बेटी के साथ मारपीट की जाती थी। दहेज में खटिया, पलंग, गोदानी, अलमारी, अपाचे गाड़ी, सोने की चेन और अंगूठी की मांग करते थे। गरीब होने के कारण हम उनकी मांग पूरी नहीं कर सके, जिसके चलते उसे जान से मारने की धमकी दी जाती थी। प्रीति ने फोन पर अपनी जान को खतरा होने की आशंका जताई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि सास, ससुर और पति, तीनों ने मिलकर उनकी बेटी को जहर देकर मार डाला है। प्रीति के दो बच्चे हैं, तीन साल की बेटी और डेढ़ साल का बेटा। दोनों बच्चों को भी ससुराल वाले अपने साथ ले गए हैं। उनकी जान को भी खतरा हो सकता है। ‘जबरन जहर पिलाया गया है’ ममेरे भाई जितेंद्र कुमार ने आरोप लगाते हुए कहा कि ससुराल वालों ने ही मारपीट कर प्रीति को जहर पिलाया है। गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे घटना हुई, जिसकी सूचना उन्हें रात में मिली। ससुराल वालों ने फोन पर केवल यह बताया कि प्रीति की तबीयत खराब है। जब वे लोग गांव पहुंचे, तो उन्हें पता चला कि बेलारी चौक स्थित एक अस्पताल में छोड़कर सभी फरार हो गए हैं। अस्पताल पहुंचा तो पता चला कि प्रीति की मौत हो चुकी है। जितेंद्र ने प्रशासन पर भी गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में स्थानीय प्रशासन और मुखिया भी ससुराल वालों के साथ मिले हुए हैं, जिसके कारण आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहे। बच्चों को भी साथ लेकर गए हैं। पुलिस कर रही मामले की जांच वहीं, इस संबंध में करायपरसुराय थानाध्यक्ष सुशील कुमार पासवान ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतका की मां रिंकू देवी के बयान के आधार पर पति समेत कुल तीन लोगों के खिलाफ प्रताड़ना, दहेज की मांग और जबरन जहर खिलाकर हत्या करने का मामला दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल, सभी आरोपी घर छोड़कर फरार है। पुलिस गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
Source link

