पिंजौर में निर्माणाधीन मकान से लाखों की चोरी:एसी का कॉपर पाइप चुराया; मालिक ने संदिग्धों की तस्वीरें खींचीं, पुलिस ने दर्ज की FIR
पिंजौर के अमरावती एन्क्लेव में एक निर्माणाधीन मकान से एसी की कॉपर पाइप और अन्य बिजली का सामान चोरी कर लिया गया। मकान मालिक अनूप गर्ग ने दो संदिग्ध व्यक्तियों को मकान से निकलते हुए देखा और उनकी तस्वीरें अपने फोन में कैद कर ली। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अनूप गर्ग, निवासी मकान नंबर 702, अमरावती एन्क्लेव ने बताया कि उनके मकान पर निर्माण कार्य चल रहा है। तीन मंजिला इस मकान का ढांचा तैयार हो चुका है और एसी व प्लंबिंग का काम पूरा हो चुका था। मकान पर कोई चौकीदार नहीं है और वह खुद ही समय-समय पर जाकर मकान की जांच करते हैं। बीते दिनों वे मकान को सही सलामत छोड़कर गए थे, उस समय एसी की फिटिंग भी ठीक थी। अगले दिन दोपहर करीब ढाई बजे जब उन्होंने मकान की जांच की, तो पाया कि तीसरी मंजिल की एसी की कॉपर पाइप गायब थीं और पाइप के बाहर लगने वाले कवर बिखरे पड़े थे। इसके बाद वे अपने घर लौट गए। मकान मालिक ने दो लोगों को देखा, पकड़ने की कोशिश शाम करीब 6 बजे अनूप गर्ग दोबारा निर्माणाधीन मकान पर आए। उन्होंने देखा कि दो संदिग्ध व्यक्ति उनके मकान से नीचे उतर रहे थे। गर्ग ने तुरंत अपने फोन से उन दोनों व्यक्तियों की तस्वीरें ली और बाहर खड़ी उनकी मोटरसाइकिल की नंबर प्लेट की भी फोटो खींची। इसके बाद जब उन्होंने मकान की जांच की, तो पाया कि दूसरी मंजिल की एसी की पाइप भी उखाड़ कर फर्श पर गिरा दी गई थी। जैसे ही गर्ग उन व्यक्तियों को पकड़ने के लिए भागे, दोनों मौके से फरार हो गए। शिकायतकर्ता अनूप गर्ग ने बताया कि इस चोरी की घटना में उन्हें तीन से चार लाख रुपए का नुकसान हुआ है। स्थानीय चौकी ने संबंधित मामले में शिकायत दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
Source link

