सोनीपत समाधान शिविर में मिलीं 16 शिकायतें:अधिकारियों को लापरवाही न बरतने की हिदायत, एमडी अंकिता वर्मा बोलीं-तय समय में करें समाधान
सोनीपत के लघु सचिवालय में सोमवार को समाधान शिविर लगाया गया। इसमें कुल 16 शिकायतें मिलीं। गोहाना शुगर मिल की एमडी अंकिता वर्मा ने शिविर की अध्यक्षता की। उन्होंने शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना। एमडी अंकिता वर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर और तय समय में निष्पक्ष तरीके से समाधान किया जाए। उन्होंने साफ किया कि शिकायतों के समाधान में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। इन मामलों की शिकायतें आई समाधान शिविर में ज्यादातर शिकायतें राजस्व विभाग से जुड़ी थीं, जिनमें इंतकाल दर्ज करवाना शामिल था। इसके अलावा, लोगों ने अपने मकान से कब्जा हटवाने, गांव नक्लोई से गांव रिडाऊ तक रास्ता पक्का करवाने, विभाग की जमीन से कब्जा हटवाने, एचएसवीपी विभाग से जुड़ी शिकायतें, प्रॉपर्टी आईडी ठीक करवाने, कंपनी द्वारा परेशान किए जाने और निजी अस्पताल के खिलाफ भी शिकायतें दर्ज करवाईं। ‘तय समय सीमा में शिकायतों का करें निपटारा’ एमडी अंकिता वर्मा ने अधिकारियों से कहा कि हर शिकायत की गंभीरता से जांच की जाए और नियमों के हिसाब से निष्पक्ष कार्रवाई हो। उन्होंने जोर दिया कि शिकायतकर्ताओं को समय पर राहत देना प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी अधिकारी तय समय सीमा में शिकायतों का निपटारा करें। इस दौरान एसीपी राजदीप मोर, डीडीपीओ मनीष मलिक, तहसीलदार कीर्ति, एमिनेंट पर्सन दिनेश ठेकेदार, नरेश वर्मा समेत कई संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
Source link

