धार में झमाझम बारिश:खरीफ की फसलों को मिला फायदा, शहर के निचले इलाकों में भरा पानी
मौसम विभाग के अलर्ट के बाद धार जिले में रविवार सुबह से मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया। धार शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में रुक-रुककर बारिश होती रही। कभी हल्की फुहार तो कभी तेज बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। आसमान में घने बादल छाए रहने से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली। तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। शहर के निचले इलाकों में पानी भरा
धार शहर के प्रमुख मार्गों, कॉलोनियों और निचले इलाकों में पानी भर गया। वहीं अच्छी बारिश से खेतों में भी पर्याप्त पानी पहुंचा है। इससे किसानों को राहत मिली है। सोयाबीन, मक्का और अन्य खरीफ फसलों के लिए यह बारिश फायदेमंद मानी जा रही है। कई किसान अब खेतों में कीटनाशक दवा के छिड़काव और अन्य कृषि कार्यों में जुट गए हैं। लगातार बारिश से जिले के छोटे नदी-नालों और जलाशयों का जलस्तर बढ़ने लगा है। यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा तो आने वाले दिनों में बांधों और तालाबों का जलस्तर भी बढ़ सकता है। अगले 24 घंटे में हल्की से मध्यम बारिश के आसार
मौसम विभाग ने पहले ही जिले में बारिश का अलर्ट जारी किया था। विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे में भी जिले के कई हिस्सों में मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के पास नहीं जाने, जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
Source link

