चाकूबाजों का पिपलानी में निकला जुलूस:हत्या के प्रयास के दो आरोपी गिरफ्तार; एक नाबालिग अभिरक्षा में

चाकूबाजों का पिपलानी में निकला जुलूस:हत्या के प्रयास के दो आरोपी गिरफ्तार; एक नाबालिग अभिरक्षा में




राजधानी के पिपलानी थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई चाकूबाजी की वारदात के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के प्रयास के दो आरोपियों को चंद घंटों में गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों का पिपलानी इलाके में जुलूस भी निकाला। वारदात में शामिल एक विधि-विरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लेकर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार आनंद नगर निवासी 24 वर्षीय अरविंद सिंह अपने साथी शुभम विश्वकर्मा के साथ गुरुवार दोपहर करीब 12:30 बजे मीनाल मॉल से घर लौट रहे थे। रत्नागिरी हनुमान मंदिर के सामने एक्टिवा सवार तीन युवकों ने उनकी बाइक रोककर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर एक आरोपी ने चाकू निकालकर अरविंद सिंह पर जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया, जिससे उनकी दाढ़ी पर चोट आई। इसके बाद शुभम विश्वकर्मा पर भी चाकू से हमला किया गया, जिससे उसके मुंह और गले के नीचे गंभीर चोटें आईं। आरोपियों ने दोनों के साथ मारपीट कर जान से खत्म करने की धमकी भी दी।
घटना के दौरान राहगीरों के मौके पर पहुंचने पर आरोपी अपनी एक्टिवा छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलते ही पिपलानी थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की और तकनीकी व मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में भीमनगर निवासी 23 वर्षीय विपिन साहू और 19 वर्षीय अमन राठौर शामिल हैं, जबकि तीसरे नाबालिग आरोपी को किशोर न्याय अधिनियम के तहत अभिरक्षा में लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने अपराधियों में कानून का भय पैदा करने और आमजन में सुरक्षा का विश्वास कायम करने के उद्देश्य से दोनों आरोपियों का पिपलानी क्षेत्र में पैदल जुलूस निकाला। इस दौरान भारी पुलिस बल मौजूद रहा और स्थानीय लोगों की भीड़ भी आरोपियों को देखने के लिए जुटी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

India Fontline News

Subscribe Our NewsLetter!