पलवल में 105 चाइनीज मांझे की चरखियां बरामद:SDM ने पुलिस के साथ दुकानों पर मारी रेड; सख्त कार्रवाई के निर्देश
पलवल जिला प्रशासन ने चाइनीज मांझे की बिक्री और भंडारण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। एसडीएम भूपेंद्र सिंह के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान शहर के गुप्ता गंज बाजार से 105 चाइनीज मांझे की चरखियां बरामद की गईं। यह कार्रवाई पतंग की दुकानों पर की गई। प्रशासनिक टीम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में दुकानों की गहनता से जांच की, जिसमें कुछ दुकानदारों के पास प्रतिबंधित मांझा पाया गया। बरामद की गई सभी 105 चरखियों को मौके से जब्त कर लिया गया है। नियमों को उल्लंघन करने वालों पर होगी कार्रवाई एसडीएम पलवल भूपेंद्र सिंह ने दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे किसी भी स्थिति में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री या भंडारण न करें। उन्होंने चेतावनी दी कि उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने बताया कि जिले के विभिन्न बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में जांच और छापेमारी अभियान लगातार जारी रहेगा। पलवल के अलावा होडल, हथीन और हसनपुर में भी टीमों ने दुकानों पर जाकर छापेमारी की। दोपहिया वाहन चालकों को करता है जख्मी एसडीएम ने बताया कि चाइनीज मांझे पर प्रतिबंध का मुख्य कारण इसकी जानलेवा प्रकृति है। यह अक्सर दोपहिया वाहन चालकों को गंभीर रूप से घायल कर देता है और पक्षियों के लिए बेहद खतरनाक साबित होता है। कई पक्षी इसमें फंसकर अपनी जान गंवा देते हैं। ज्यादातर दुकानदारों ने किया बहिष्कार जिला प्रशासन के सख्त आदेशों के कारण इस बार जिले में कुछ ही दुकानदारों ने चोरी-छिपे चाइनीज मांझा बेचा है। अधिकांश दुकानदारों ने इसका बहिष्कार किया है। जवाहर नगर कैंप स्थित उन दुकानों पर भी इस बार मांझा नहीं बेचा गया, जहां प्रतिवर्ष इसकी बिक्री होती थी।
Source link

