हिमाचल में बहनों ने भाइयों की कलाई पर बांधी राखी:मंडी सहित कई जिलों में रक्षाबंधन का पर्व मनाया; बाजारों में खरीदारी को उमड़ी महिलाएं
हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार को भाई-बहन के पवित्र पर्व रक्षाबंधन को धूमधाम से मनाया जा रहा है। सुबह से ही बहनें अपने भाइयों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधती दिखीं। बहनों ने भाइयों की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना की, जबकि भाइयों ने उन्हें उपहार दिए। रक्षाबंधन के अवसर पर मंडी के बाजारों में खासी रौनक देखी गई। ऐतिहासिक सेरी मंच पर लगे राखियों के स्टॉल पर महिलाओं और युवतियों ने खरीदारी की। राखी विक्रेता प्रवीण सकलानी ने बताया कि परिवारों के छोटे होने के कारण अब बड़ी संख्या में राखियां खरीदने का चलन कम हुआ है। अधिकांश लोग एक-दो राखियां ही खरीद रहे हैं, लेकिन भाई की कलाई सजाने का बहनों का उत्साह बरकरार है। हैंडमेड और स्वदेशी राखियों की मांग अधिक इस बार बाजार में हैंडमेड और स्वदेशी राखियों की मांग अधिक रही। ये राखियां 10 से 150 रुपये तक की कीमत में उपलब्ध थीं। बच्चों के लिए 20 से 80 रुपये तक की कार्टून कैरेक्टर वाली रंग-बिरंगी राखियां खूब पसंद की गईं। सूती धागे, स्टोन वर्क और आकर्षक डिजाइन वाली राखियां भी खूब बिकीं। स्वर्णकारों की दुकानों पर चांदी के ब्रेसलेट और डिजाइनर राखियों की भी मांग देखी गई। एचआरटीसी बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा रक्षाबंधन पर हिमाचल सरकार ने महिलाओं को एचआरटीसी बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान की। इसके अतिरिक्त, सरकार ने आज सरकारी कार्यालयों में भी अवकाश घोषित किया। छुट्टी और निशुल्क बस यात्रा की सुविधा के कारण प्रदेशभर के लोग अपने परिवारों के साथ त्योहार मनाने के लिए घरों तक पहुंचे। परिवार की खुशहाली की कामना मंडी सहित पूरे प्रदेश में घरों में भी रक्षाबंधन को लेकर विशेष तैयारियां की गई थीं। बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधी, उन्हें मिठाई खिलाई और परिवार की खुशहाली की कामना की। भाइयों ने भी बहनों को उपहार भेंट किए। बाजारों में मिठाई और उपहारों की दुकानों पर दिनभर ग्राहकों की आवाजाही बनी रही।
Source link

