कोटा में सांप के काटने से 2 की मौत:पलंग पर सो रहे 12वीं के छात्र को काटा, चारा काट रही महिला को भी डसा




कोटा के एमबीएस अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में सांप के काटने के बाद रेफर हुए एक युवक और एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। बूंदी जिले में सांप के काटने से एक छात्र और 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। दोनों घटनाएं अलग-अलग गांवों में हुईं। पहला मामला तालेड़ा कस्बे का है, जहां 12वीं कक्षा में पढ़ने वाले प्रदीप प्रजापति को 28 अगस्त की रात पलंग पर सोते समय सांप ने काट लिया। परिजन सांप को मारने के बाद प्रदीप को इलाज के लिए कोटा मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के पिता ब्रह्मानंद प्रजापति ने बताया कि प्रदीप उनका इकलौता बेटा था और तालेड़ा में रहकर 12वीं कक्षा की पढ़ाई कर रहा था। बेटे की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा है। शव को मेडिकल कॉलेज अस्पताल की मोर्च्युरी में रखवाया गया, जहां पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई की गई। दूसरी घटना देहीखेड़ा थाना क्षेत्र के रेबरपुरा गांव की है। यहां 70 वर्षीय जगन्नाती बाई शनिवार सुबह करीब 6 बजे खेत में चारा काटने गई थीं। इसी दौरान उन्हें सांप ने काट लिया। खेत में मौजूद महिलाओं ने परिजनों को सूचना दी। परिजन उन्हें तुरंत लाखेरी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में कोटा रेफर कर दिया गया। परिजन उन्हें कोटा एमबीएस अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। शव को एमबीएस अस्पताल के पोस्टमार्टम रूम में रखवाया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

India Fontline News

Subscribe Our NewsLetter!