जैतपुर में आधा किमी सड़क जर्जर:पैदल चलना भी मुश्किल, ग्रामीणों ने की मरम्मत की मांग
शहडोल के जैतपुर क्षेत्र में ग्राम पंचायत गलहथा के वार्ड क्रमांक 13 से 14 को जोड़ने वाला लगभग आधा किलोमीटर लंबा पहुंच मार्ग बारिश के कारण बुरी तरह जर्जर हो गया है। बबल पलिहा के घर से सोनई गोंड के घर तक जाने वाली इस सड़क पर अब पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। लगातार बारिश के कारण सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे और कीचड़ जमा हो गया है। कई स्थानों पर पानी भर जाने से पूरा रास्ता दलदल में बदल गया है। ग्रामीणों के अनुसार, सड़क की स्थिति इतनी खराब है कि इस मार्ग पर ट्रैक्टर जैसे वाहन भी नहीं चल पा रहे हैं। इस बदहाल मार्ग के कारण ग्रामीणों को दैनिक आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पैदल चलने वाले लोगों, बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह रास्ता जोखिम भरा हो गया है। कीचड़ के कारण दोपहिया वाहनों के फिसलने का खतरा बना रहता है, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है। कई बार हो चुकी है शिकायत ग्रामीणों ने बताया कि सड़क की खराब स्थिति को लेकर कई बार पंचायत और संबंधित अधिकारियों को शिकायतें की गई हैं। हालांकि, अब तक सड़क की मरम्मत या सुधार के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। हर साल बारिश के मौसम में यही समस्या उत्पन्न होती है, लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। ग्रामीणों ने की मांग यह मार्ग दोनों वार्डों के बीच आवागमन का मुख्य जरिया है। सड़क खराब होने से न केवल दैनिक कामकाज प्रभावित हो रहा है, बल्कि निर्माण सामग्री और अन्य आवश्यक सामान लाने-ले जाने में भी भारी वाहनों को दिक्कत हो रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल सड़क का निरीक्षण करने, मुरम डालकर इसे आवागमन योग्य बनाने और स्थायी सड़क निर्माण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे बारिश के दौरान होने वाली परेशानियों से निजात मिल सकेगी।
Source link

