झज्जर के माछरौली थाना पुलिस की दोहरी कार्रवाई:वाहन छीनने और बाइक चोरी के मामलों में 4 आरोपी गिरफ्तार,कैंटर छीनने वाले दो आरोपियों से कैंटर व वारदात में इस्तेमाल स्कूटी बरामद
झज्जर में संपत्ति संबंधी अपराधों पर शिकंजा कसते हुए पुलिस की थाना माछरौली टीम ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वाहन छीनने के मामले में गिरफ्तार दो आरोपियों से छीना गया कैंटर और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी बरामद की है। वहीं, मोटरसाइकिल चोरी के मामले में गिरफ्तार दो आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की बाइक भी बरामद कर ली गई।
रास्ता रोककर चालक से मारपीट कर छीना था कैंटर
थाना माछरौली प्रभारी उप निरीक्षक संदेश ने बताया कि पटरेड़ी, जिला गुरुग्राम निवासी सत्यम सिंह ने शिकायत दी थी कि उनका कैंटर लुहारी स्थित कंपनी की ओर जा रहा था। इसी दौरान कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने रास्ता रोककर कैंटर में सवार चालक के साथ मारपीट की और उसे गाड़ी से नीचे उतार दिया। इसके बाद आरोपी कैंटर लेकर फरार हो गए, जबकि उनका एक साथी स्कूटी पर सवार होकर मौके से भाग निकला।
शिकायत के आधार पर थाना माछरौली में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। सहायक उप निरीक्षक राजीव कुमार की पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए अरुण निवासी बिरहेड़ा, जिला गुरुग्राम और विकास निवासी खेड़ी सुल्तान, जिला झज्जर को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को एक दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ की। रिमांड के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर छीना गया कैंटर और वारदात में प्रयुक्त स्कूटी बरामद कर ली गई। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
कंपनी की पार्किंग से चोरी की थी मोटरसाइकिल
वहीं, दूसरे मामले में माछरौली पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के आरोप में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी उप निरीक्षक संदेश कुमार ने बताया कि कन्होरी, जिला रेवाड़ी निवासी भीम ने शिकायत दी थी कि उसका भाई 28 अगस्त को मोटरसाइकिल लेकर लुहारी स्थित कंपनी में गया था। उसने बाइक कंपनी की पार्किंग में खड़ी की थी। कुछ समय बाद वापस लौटने पर मोटरसाइकिल वहां से गायब मिली।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की। कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने गौरव निवासी रेवाड़ी और ललित निवासी सेहंलगा, जिला महेंद्रगढ़ को रेवाड़ी जेल के पास से काबू किया।
दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत झज्जर में पेश किया, जहां से न्यायालय के आदेश पर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
Source link

