करनाल में पति व सास को पुलिस ने किया गिरफ्तार:दूसरी महिला के साथ पकड़ने पर पत्नी पर किया था हमाल, पति,सास-ससुर सहित दूसरी महिला पर लगाए थे आरोप




करनाल के सेक्टर-14 में पति के कमरे में दूसरी महिला को देखने के बाद हुए विवाद में पत्नी पर जानलेवा हमला करने के आरोपों के मामले में पुलिस ने पति मोहित प्रकाश और सास रेणु प्रकाश को गिरफ्तार किया है। दोनों को मंगलवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उनका 2 दिन का पुलिस रिमांड मिला है। पुलिस के अनुसार मामले में अंचल अरोड़ा को 20 अगस्त को ही गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं पीड़िता के ससुर अनिल प्रकाश को हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत मिल चुकी है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच करेगी। 16 अगस्त को मायके से भाई के साथ घर लौटी थी महिला
पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित पत्नि ने बताया कि उसका विवाह मोहित प्रकाश के साथ 28 जनवरी 2016 को हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। शिकायत के अनुसार शादी में उसके पिता ने करीब 2.85 करोड़ रुपए खर्च किए थे। इसके बावजूद पति मोहित प्रकाश, ससुर अनिल प्रकाश और सास रेनू कुच्छल पर अधिक पैसे और दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने और मारपीट करने के आरोप लगाए गए हैं। पीड़िता वर्तमान में बैंक ऑफ बड़ौदा, पानीपत में अधिकारी के पद पर कार्यरत है और सेक्टर-14 स्थित अपने वैवाहिक घर से रोजाना पानीपत आती-जाती है।
शिकायत के अनुसार ससुराल पक्ष ने उसे घर से निकालने का प्रयास भी किया था। इसके चलते उसने घरेलू हिंसा अधिनियम की धारा 12 के तहत न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, करनाल की अदालत में याचिका दायर की, जो अभी लंबित है। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि पति ने उसके साथ विवाह रहते हुए अंचल अरोड़ा से दूसरी शादी कर ली। कमरे में अंचल को देखकर शुरू हुआ था विवाद
पीड़िता ने बताया कि बीती 15 अगस्त को छुट्टी होने के कारण वह अपने माता-पिता से मिलने शाहबाद गई थी। 16 अगस्त की सुबह वह अपने भाई के साथ शाहबाद से वापस सेक्टर-14 स्थित घर पहुंची। घर आने पर उसने पति के कमरे से एक पुरुष और महिला के बातचीत करने की आवाज सुनी। दरवाजा खटखटाने पर अंचल अरोड़ा ने दरवाजा खोला।
शिकायत के मुताबिक अंचल ने विवाहित महिला की तरह श्रृंगार कर रखा था और पीड़िता के वे आभूषण पहने हुए थे, जो उसे शादी में मिले थे। पति के कमरे में अंचल को देखकर पीड़िता ने उसकी मौजूदगी का कारण पूछा। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और शिकायत के अनुसार अंचल ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद मोहित भी कमरे में आया और दोनों ने उसके साथ मारपीट की। गले पर दबाव बनाने और कैंची से चोट पहुंचाने का आरोप
शिकायत में पीड़िता ने आरोप लगाया कि इसी दौरान उसके ससुर अनिल प्रकाश और सास रेनू कुच्छल भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने मोहित को उकसाया। आरोप है कि सभी ने मिलकर उसे काबू किया और जान से मारने की कोशिश की। महिला के अनुसार उसके गले पर दबाव बनाया गया और नुकीली वस्तु यानी कैंची से चेहरे पर वार किया गया, जिससे उसे चोटें आईं।
पीडिता की चीख सुनकर उसका भाई मौके पर पहुंचा और उसे आरोपियों से बचाया। घटना के तुरंत बाद पीड़िता और उसके भाई ने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और प्रारंभिक पूछताछ की। इसके बाद भाई अपनी बहन को उपचार के लिए सिविल अस्पताल, करनाल लेकर गया, जहां उसका मेडिको-लीगल परीक्षण कराया गया। मेडिकल रिपोर्ट में इशानी को कुल 7 साधारण चोटें दर्ज की गई थीं। दूसरी महिला ने भी दी शिकायत, पुलिस को मामला संदिग्ध लगा
पुलिस जांच के दौरान अंचल अरोड़ा की ओर से भी 16 अगस्त को अलग शिकायत दी गई। उसके साथ भी मेडिकल कराया गया, जिसमें कुल 6 साधारण चोटें दर्ज की गईं। दोनों पक्षों की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस दस्तावेजों के अनुसार दोनों पक्षों की स्थिति को देखते हुए उन्हें जांच में शामिल होने के लिए नोटिस दिया गया था।
पीड़िता, उसके भाई और पिता को जांच में शामिल कर उनके बयान दर्ज किए गए। वहीं अंचल अरोड़ा को अपने पक्ष के संबंध में मोहित प्रकाश को भेजने के लिए कहा गया था। पुलिस के अनुसार मोहित जांच में शामिल नहीं हुआ। पुलिस उसके घर भी पहुंची, लेकिन उसके माता-पिता ने दरवाजा नहीं खोला। इसके बाद फोन पर मोहित से बातचीत हुई। उसने पुलिस के पास आने के बजाय वीडियो कॉल के माध्यम से अपनी कार्रवाई करवाने की बात कही। पुलिस ने इस संबंध में भी रोजनामचा में रिपोर्ट दर्ज की। वीडियो और फोटो को पुलिस ने सबूत के तौर पर लिया
जांच के दौरान 18 अगस्त को पीड़िता के भाई ने घटना से संबंधित वीडियो पेन ड्राइव में पुलिस को दी। इसके साथ अलग से फोटो की कॉपियां भी पेश की गईं। पुलिस ने इन दोनों को सबूत के तौर पर कब्जे में लिया। जांच के बाद पुलिस ने अंचल अरोड़ा की शिकायत को उसके बचाव में दी गई शिकायत माना और पीड़िता की शिकायत में लगाए गए आरोपों के आधार पर मामला दर्ज करने की कार्रवाई की।
इसके बाद 18 अगस्त को थाना सिविल लाइंस, करनाल में मुकदमा किया गया। इसमें भारतीय न्याय संहिता की धारा 85, 115(2), 109, 333, 351(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया। अंचल 20 अगस्त को गिरफ्तार, अब पति और सास भी पकड़े
जांच अधिकारी एसआई जसविंद्र कौर ने बताया कि अंचल अरोड़ा को 20 अगस्त को गिरफ्तार किया जा चुका है। अब पति मोहित प्रकाश और पीड़िता की सास रेणु प्रकाश को गिरफ्तार किया गया है। दोनों को अदालत में पेश करने के बाद 2 दिन का पुलिस रिमांड मिला है। पुलिस रिमांड के दौरान घटना, मारपीट के आरोपों और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच करेगी। पीड़िता के ससुर अनिल प्रकाश को हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत मिली हुई है। मामले में पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों, मेडिकल रिपोर्ट, बयानों, वीडियो और फोटो समेत उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

India Fontline News

Subscribe Our NewsLetter!