निर्विरोध महापौर के बाद अब उपमहापौर पर मंथन:नाम फाइनल करने जयपुर में बैठक, रमेश खोईवाल, राधेश्याम सोमानी समेत कई नाम चर्चा में
भीलवाड़ा नगर निगम में महापौर पद पर जसवंत कंवर के निर्विरोध निर्वाचन के बाद अब उपमहापौर पद को लेकर भाजपा में मंथन शुरू हो गया है। पार्टी पदाधिकारियों और भाजपा पार्षदों के बीच उपमहापौर के नाम को लेकर रायशुमारी का दौर चल रहा है। नाम पर अंतिम फैसला जयपुर में प्रदेश नेतृत्व की बैठक में होने की संभावना है। जिला भाजपा के प्रमुख पदाधिकारी भी दोपहर बाद होने वाली बैठक में शामिल होने के लिए जयपुर पहुंच गए हैं। एससी वर्ग से रमेश खोईवाल का नाम चर्चा में उपमहापौर पद की दावेदारी में भाजपा पार्षद रमेश खोईवाल का नाम भी चर्चा में है। खोईवाल एससी वर्ग से आते हैं और पिछली बार भी पार्षद रह चुके हैं। इस बार उनकी पत्नी प्रेम देवी ने भी भाजपा के टिकट पर पार्षद का चुनाव जीता है। संगठन और संघ में भी उनकी पकड़ बताई जा रही है। ऐसे में एससी वर्ग के समीकरण को ध्यान में रखते हुए उनके नाम पर विचार किया जा सकता है। माहेश्वरी समाज से राधेश्याम सोमानी भी दावेदार इसके साथ ही पार्षद राधेश्याम सोमानी का नाम भी उपमहापौर पद के लिए चर्चा में है। सोमानी माहेश्वरी समाज से आते हैं और दूसरी बार पार्षद चुने गए हैं। संगठन में भी उनकी पकड़ बताई जा रही है। जातिगत समीकरण को देखते हुए उनके नाम पर भी विचार हो सकता है। नया और चौंकाने वाला नाम भी आ सकता है हालांकि भाजपा और प्रदेश नेतृत्व की ओर से उपमहापौर पद के लिए कोई नया और चौंकाने वाला नाम सामने आए तो भी आश्चर्य नहीं होगा। महापौर पद के लिए भी राजनीतिक गलियारों में अलग-अलग महिला नेत्रियों के नाम चर्चा में थे और उनके महापौर बनने की बात कही जा रही थी। इसके बावजूद भाजपा ने संगठन की पसंद को प्राथमिकता देते हुए जसवंत कंवर को महापौर बनाया। कई समीकरणों पर एक साथ होगी वर्किंग महापौर के चयन में भाजपा ने संगठन को सर्वोपरि रखने का संदेश दिया। इसमें जातिगत समीकरण के साथ कई दूसरे फैक्टर पर भी एक साथ काम किया गया। ऐसे में उपमहापौर पद के लिए भी पार्टी की ओर से कोई नया फॉर्मूला सामने आ सकता है। महिला चेहरे पर भी विचार की संभावना महिला आरक्षण को लेकर भाजपा की ओर से लिए गए फैसलों को देखते हुए भीलवाड़ा में उपमहापौर पद के लिए महिला चेहरे पर भी विचार किया जा सकता है। इससे पार्टी की ओर से महिला सशक्तिकरण का संदेश देने की कोशिश हो सकती है। प्रेम देवी का नाम भी चर्चा में ऐसे में रमेश खोईवाल की पत्नी प्रेम देवी का नाम भी इस दौड़ में शामिल है। वे चुनाव जीतकर पार्षद बनी हैं और जातिगत समीकरण के लिहाज से भी फिट मानी जा रही हैं। वे दलित महिला चेहरा हैं। ऐसे में पार्टी उनके नाम पर भी विचार कर सकती है। युवा चेहरे को भी मिल सकता है मौका उपमहापौर पद के लिए भाजपा किसी युवा चेहरे का चयन भी कर सकती है। इस बार चुनाव जीतकर आए कुछ युवा पार्षद भी दावेदारी में शामिल हो सकते हैं। हालांकि अंतिम फैसला संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों की ओर से जयपुर में लिए जाने की संभावना है। जिला भाजपा के पदाधिकारी जयपुर पहुंचे उपमहापौर के नाम पर चर्चा के लिए सांसद दामोदर अग्रवाल, निर्दलीय विधायक अशोक कोठारी, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा और पूर्व विधायक विट्ठल शंकर अवस्थी जयपुर पहुंच गए हैं। संभावना है कि आज दोपहर बाद होने वाली बैठक में उपमहापौर के नाम पर अंतिम मुहर लग जाएगी। कल होगा उपमहापौर के लिए नामांकन नाम तय होने के बाद कल उपमहापौर पद के लिए नामांकन दाखिल कराया जाएगा। अगर तय प्रत्याशी के अलावा कोई दूसरा नामांकन नहीं आता है तो उपमहापौर भी निर्विरोध निर्वाचित होगा। वहीं किसी अन्य प्रत्याशी की ओर से नामांकन दाखिल किया जाता है तो अंतिम समय में सभी पार्षदों को बुलाकर शपथ दिलाई जाएगी और इसके बाद मतदान कराया जाएगा।
Source link

