रायगढ़ में मवेशी तस्करों ने पुलिस वाहन को मारी ठोकर:तीन पिकअप में मवेशी लेकर झारखंड जा रहे थे, पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया




छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला में तीन पिकअप से मवेशी तस्करी की जा रही थी। तभी पुलिस को इसकी सूचना मिलने के बाद तस्करों को रोकने का प्रयास किया गया, तो पिकअप चालक ने पुलिस वाहन को ठोकर मारकर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामला कोतरा रोड थाना क्षेत्र का है। मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि तीन सफेद रंग के पिकअप वाहनों में गौवंशों को भरकर ग्राम सरवानी से रायगढ़ होते हुए झारखंड की ओर अवैध रूप से ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम गठित कर ग्राम सरवानी-कुलबा मेन रोड पर घेराबंदी की गई। कार्रवाई के दौरान सुबह करीब 5 बजे तीन सफेद रंग के संदिग्ध पिकअप वाहन आते दिखाई दिए। पुलिस टीम द्वारा वाहनों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन तीनों वाहनों के चालकों ने पुलिसकर्मियों की ओर वाहन चढ़ाकर भागने का प्रयास किया। इस दौरान एक पुलिसकर्मी ने किसी तरह अपनी जान बचाई। आरोपियों ने पुलिस के शासकीय वाहन को भी टक्कर मारकर भागने का प्रयास किया, पर पुलिस टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद तीनों वाहनों को पकड़ लिया।
वाहनों से 6 मवेशी बरामद, आरोपी गिरफ्तार
पहले पिकअप वाहन की तलाशी लेने पर वाहन के अंदर 2 नग गौवंश मिले। वाहन चालक नकुल साहू 27 साल निवासी उमड़ा नकटीटोली गुमला झारखंड व उसके साथ शिवा कुमार साहू 23 साल निवासी डीएसपी रोड गुमला को पकड़ा गया। दूसरे पिकअप वाहन में 2 नग मवेषी मिला। वाहन चालक आदित्य महतो 22 साल निवासी हेसराग, जिला गुमला व उसके साथ रूपेश लहरे 22 साल निवासी आरू, लोहरदगा झारखंड को गिरफ्तार किया गया।
गुमला झारखंड ले जा रहे थे
तीसरे पिकअप वाहन में 2 नग गौवंश मिले। वाहन चालक राम महतो 21 साल, निवासी घाटा लोहरदगा, झारखंड व उसके साथ राजू सतनामी 30 साल निवासी सरवानी कोतरारोड को पकड़ा गया। पूछताछ में संदेहियों ने मवेशियों को लोड कर गुमला, झारखंड ले जाना बताया और उनके साथ एक अन्य आरोपी ललित निवासी सरवानी के मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
मवेशी समेत 17.50 लाख रुपये का वाहन जप्त
पुलिस द्वारा कार्रवाई के दौरान 6 मवेषी जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 50 हजार रुपये व तीन पिकअप वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये जप्त की गई है। इस प्रकार पुलिस द्वारा कुल 17 लाख 50 हजार रुपये का माल जप्त किया गया है। जप्त किए गए गौवंशों को सुरक्षित रेस्क्यू कर आवश्यक प्रक्रिया के तहत रखा गया है। पुलिस द्वारा आरोपियों से गौवंशों के परिवहन व उनके संबंध में वैध दस्तावेजों के बारे में पूछताछ की गई।
कई धाराओं में अपराध दर्ज
आरोपियों द्वारा पुलिस की नाकेबंदी के दौरान पुलिसकर्मियों की ओर वाहन चढ़ाकर जानलेवा हमला करने तथा शासकीय वाहन को टक्कर मारकर भागने का प्रयास किया गया। मामले में थाना कोतरारोड में धारा 281, 221, 132, 109(1) BNS, धारा 4, 6 छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 तथा धारा 11 पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी
SSP शशि मोहन ने बताया कि ऑपरेशन शंखनाद के तहत पुलिस गौवंशों की अवैध तस्करी व पशुओं के प्रति क्रूरता के मामलों पर लगातार कार्रवाई कर रही है। गौवंशों की तस्करी और पशुओं के प्रति क्रूरता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। आमजन से अपील है कि गौवंश तस्करी या पशुओं के साथ क्रूरता से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

India Fontline News

Subscribe Our NewsLetter!