गुमला में बोलेरो ने बाइक और स्कूटी को मारी टक्कर:एक की मौत, तीन लोग जख्मी; बोलेरो के तेज रफ्तार से भागने के दौरान हुई घटना
गुमला शहर के सिसई रोड पर बुधवार रात करीब साढ़े आठ बजे एक तेज रफ्तार अज्ञात बोलेरो ने कुछ ही दूरी पर दो सड़क हादसों को अंजाम दिया। इन हादसों में बाइक सवार हेसागुटु, सिसई निवासी महेश महतो की मौत हो गई। उनका एक साथी गंभीर रूप से घायल है, जिसे इलाज के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बोलेरो ने पहले बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मारी। इस घटना में महेश महतो की मौत हो गई। जबकि उसकी बाइक पर सवार दूसरा युवक जख्मी हो गया। बोलेरो तेज रफ्तार में चलाकर भागने लगा इधर, हादसे के बाद चालक रुका नहीं और बोलेरो तेज रफ्तार में चलाकर भागने लगा। इसी बीच कुछ आगे सिसई रोड स्थित मदरसा के पास उसने एक स्कूटी को भी टक्कर मार दी। स्कूटी पर दो भाई पानी लेकर लौट रहे थे। हादसे में स्कूटी सवार लोहरदगा रोड निवासी आदित्य प्रकाश के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोट लगी है। वहीं, चेटर निवासी नैतिक का पैर टूट गया है। दोनों घायलों को तुरंत सदर अस्पताल गुमला में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। लोगों ने पीछा किया पर ड्राइवर हो गया फरार लगातार दो स्थानों पर लोगों को टक्कर मारने के बाद बोलेरो चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने वाहन का पीछा भी किया, लेकिन चालक पूरे शहर में तेज रफ्तार से गाड़ी भगाते हुए पालकोट रोड की ओर निकल गया। देर रात तक बोलेरो और उसके चालक का पता नहीं चल पाया। घटना की खबर मिलते ही सदर अस्पताल में घायलों के परिजनों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। एक ही वाहन द्वारा लगातार दो स्थानों पर हादसा किए जाने से यह शहर में चर्चा का विषय बनी रही। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार बोलेरो की पहचान और तलाश की जा रही है।
Source link

