दतिया में खेत बंटवारे के विवाद में किसान की मौत:कीटनाशक पीकर दी थी जान, बेटे की शिकायत पर पुलिस ने भाई-भतीजे पर केस दर्ज किया
दतिया के लांच थाना क्षेत्र के टोडा गांव में खेत के बंटवारे को लेकर हुए विवाद के बाद किसान की मौत के मामले में पुलिस ने उसके बड़े भाई और भतीजे के खिलाफ केस दर्ज किया है। 55 वर्षीय राजपाल सोलंकी की मौत की जांच और बेटे की शिकायत के बाद पुलिस ने सुरेंद्र सिंह सोलंकी उर्फ चिनू और उसके बेटे सत्यम सोलंकी को आरोपी बनाया है। जमीन को लेकर हुआ था विवाद पुलिस के मुताबिक, 18 सितंबर की सुबह राजपाल का अपने बड़े भाई सुरेंद्र सिंह और भतीजे सत्यम से जमीन को लेकर विवाद हुआ था। मृतक के बेटे ने शिकायत में आरोप लगाया है कि विवाद के दौरान दोनों ने उसके पिता के साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की। बेटे का आरोप है कि विवाद के दौरान दोनों ने उसके पिता को अपमानित करते हुए आत्महत्या के लिए उकसाने वाली बातें कहीं। खेत में बेसुध मिले थे राजपाल विवाद के बाद राजपाल अपने पडुआ वाले खेत पर चले गए। करीब दो घंटे बाद चिमघन निवासी हुकुम सिंह कुशवाह ने उनके बेटे को फोन कर बताया कि राजपाल ने खेत में कीटनाशक पी लिया है। परिजन उन्हें इलाज के लिए इंदरगढ़ अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर उन्हें दतिया जिला अस्पताल और फिर झांसी रेफर किया गया। झांसी के निदान मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में इलाज के दौरान 19 सितंबर को करीब 10:30 बजे राजपाल की मौत हो गई। इसके बाद शव इंदरगढ़ अस्पताल लाकर पोस्टमॉर्टम कराया गया और टोडा गांव में अंतिम संस्कार किया गया। बेटे ने कहा- जमीन विवाद को लेकर परेशान थे पिता मृतक के बेटे ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि सुरेंद्र सिंह और सत्यम जमीन के विवाद को लेकर उसके पिता को आए दिन परेशान करते थे। इसी प्रताड़ना से परेशान होकर राजपाल ने यह कदम उठाया। लांच थाना प्रभारी भुवनेश शर्मा ने बताया कि शिकायत और जांच के आधार पर सुरेंद्र सिंह सोलंकी और सत्यम सोलंकी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Source link

