कांगड़ा में युवक पर तलवार से हमला, ग्रामीण भड़के:हमलावरों की गिरफ्तारी न होने पर थाने पहुंचे लोग, पुलिस को दिया अल्टीमेटम
कांगड़ा में मटौर-अनसोली मार्ग पर बुधवार रात 38 वर्षीय युवक पिंकू कुमार पर हुए जानलेवा तलवार हमले के मामले में पुलिसिया कार्रवाई से असंतुष्ट ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। घटना के दो दिन बीत जाने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी न होने के विरोध में शुक्रवार को इच्छी गांव के दर्जनों ग्रामीण कांगड़ा थाना पहुंच गए। बीडीसी सदस्य हरीश और पंचायत प्रधान इकबाल सिंह की अगुवाई में ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए हमलावरों की तुरंत गिरफ्तारी और पीड़ित को न्याय दिलाने की पुरजोर मांग की। थाने पहुंचे ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, दी आंदोलन की चेतावनी थाना पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस पर ढिलाई का आरोप लगाते हुए कहा कि घटना को दो दिन बीत चुके हैं, लेकिन उन्हें जांच में हुई किसी प्रगति की जानकारी नहीं दी गई है। ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि पुलिस ने समय रहते आरोपियों को सलाखों के पीछे नहीं भेजा, तो वे मजबूर होकर सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन और प्रदर्शन करेंगे। तलवार के हमले में बुरी तरह कटा था हाथ, PGI में चल रहा इलाज उल्लेखनीय है कि बुधवार देर शाम पंचायत इच्छी निवासी रमेश चंद का बेटा पिंकू कुमार टांडा स्थित सिविल सप्लाई दवाइयों की दुकान से ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहा था। इसी दौरान मटौर-अनसोली मार्ग पर कार सवार कुछ अज्ञात हमलावरों ने उस पर तलवार से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में पिंकू का एक हाथ काफी हद तक कट गया था। गंभीर हालत को देखते हुए उसे डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे पीजीआई (PGI) रेफर कर दिया। फिलहाल वहां उसका इलाज जारी है। पीड़ित परिवार ने इलाज के खर्च के लिए प्रदेश सरकार से आर्थिक मदद की गुहार लगाई है। जांच के लिए SIT का गठन, जल्द गिरफ्तारी का दावा ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए जांच अधिकारियों ने उन्हें निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया है। डीएसपी राजेश शर्मा ने बताया कि हमलावरों की पहचान कर ली गई है और पुलिस की विशेष टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
Source link

