बरेली में अनूप जलोटा बोले- भजन कभी पुराने नहीं होते:मैंने 50 साल में 5 हजार गीत गाए, सुनील लोधी को एक गाने से मिली पहचान




बरेली में ‘खत्री जाति रत्न’ सम्मान समारोह में भजन सम्राट अनूप जलोटा ने गायक सुनील लोधी के भजन की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, “मैं 50 साल से भजन गा रहा हूं और 5 हजार से ज्यादा भजन रिकॉर्ड कर चुका हूं। लेकिन सुनील लोधी को ‘हनुमत अंश’ फिल्म के एक भजन से जो प्रसिद्धि मिली, उसे ईश्वर की कृपा ही कहेंगे।” रमाडा होटल में कार्यक्रम में अनूप जलोटा ने मंच से फिल्म ‘हनुमत अंश’ का भजन “मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान, सागर में नैया डाल दई…” भी गाया। इसके बाद उन्होंने अपना प्रसिद्ध भजन “ऐसी लागी लगन, मीरा हो गई मगन…” सुनाया। उनके भजन पर सभागार में मौजूद लोगों ने तालियों के साथ उनका स्वागत किया। बोले- भजन कभी पुराने नहीं होते अनूप जलोटा ने कहा कि आज भजनों का दायरा पहले से काफी बढ़ गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर युवा पीढ़ी तक भजनों से जुड़ रही है। युवाओं में भजन क्लबिंग और जैमिंग का नया चलन देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि कलाकारों को फल की चिंता किए बिना अपना काम करते रहना चाहिए। भगवान की कृपा होगी तो पहचान अपने आप मिलेगी। खत्री समाज ने ज्ञान, त्याग और सेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया अनूप जलोटा ने खत्री समाज के इतिहास और योगदान की भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि समाज ने ज्ञान, त्याग और सेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने समाज के लोगों से अपनी विरासत को आगे बढ़ाने और व्यापार व करियर के साथ समाजसेवा को भी प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने कहा कि मुंबई में रहने के दौरान उन्हें खत्री समाज की ऐसी एकजुटता कम देखने को मिलती है, जैसी बरेली में नजर आती है। बरेली से पुराना रिश्ता है दैनिक भास्कर से बातचीत में अनूप जलोटा ने बरेली से अपने जुड़ाव का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि बरेली साहित्य और संस्कृति की धरती है। पंडित राधेश्याम जैसी हस्तियों ने इस शहर को अलग पहचान दी। उन्होंने कहा कि बरेली का नाम आते ही ‘झुमका गिरा रे बरेली के बाजार में’ याद आता है। उन्होंने बताया कि बरेली का केन फर्नीचर भी काफी प्रसिद्ध है और उनके मुंबई स्थित घर में भी इसका फर्नीचर है। अनूप जलोटा ने बताया कि उनकी बहन रीता की शादी बरेली में विनोद कपूर के साथ हुई है। इस वजह से शहर से उनका पारिवारिक रिश्ता भी है। तीन लोगों को मिला ‘खत्री जाति रत्न’ सम्मान समस्त खत्री सभा की ओर से आयोजित कार्यक्रम में तीन प्रमुख लोगों को ‘खत्री जाति रत्न’ सम्मान देने की घोषणा की गई। महाराष्ट्र से अनूप जलोटा और बरेली से श्री सिद्धि विनायक ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन अनुपम कपूर को सम्मानित किया गया। नई दिल्ली के पद्म विभूषण डॉ. अशोक सेठ कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके। सम्मान मिलने के बाद अनुपम कपूर ने कहा कि यह सम्मान सिर्फ उनका नहीं, बल्कि बरेली और पूरे खत्री समाज का सम्मान है। राजनीति में हिस्सेदारी की मांग महासभा अध्यक्ष अनंत अरोड़ा ने कहा कि खत्री समाज अब राजनीति में भी अपनी हिस्सेदारी चाहता है। उन्होंने कहा कि वे जल्द मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर बरेली शहर विधानसभा सीट पर समाज के प्रतिनिधि को टिकट देने की मांग करेंगे। कार्यक्रम में प्रोफेसर चारु मेहरोत्रा और अमृतसर से आए सुनील खन्ना ने खत्री समाज के इतिहास पर जानकारी दी। समाज के अलग-अलग क्षेत्रों में योगदान देने वाले लोगों और शहर के प्रमुख मंदिरों के अध्यक्षों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में संजय आनंद, अमित अरोड़ा, सुमन साहनी, मनीषा आहूजा, डॉ. केएम अरोड़ा, गुरु मेहरोत्रा, सरदार ज्ञानी काल सिंह, सरदार एमपी सिंह, मंजीत सिंह नागपाल, सरदार परमजीत सिंह ओबरॉय, सौरव मेहरोत्रा समेत बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन व्यापारी नेता और सहसंयोजक विशाल मेहरोत्रा ने किया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

India Fontline News

Subscribe Our NewsLetter!