Vinod Sahni Murder Case | Gonda Police Raid 5 Districts; CCTV Examined
गोंडा2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
गोंडा के परसपुर थाना क्षेत्र के रेक्सडिया गांव में 9 सितंबर को बर्तन व्यापारी बिनोद साहनी की हत्या कर दी गई थी। हत्याकांड के 29 दिन बीत जाने के बावजूद बुधवार दोपहर 12 बजे तक नामजद आरोपी आकाश सिंह पुलिस की पकड़ से दूर है। उसकी गिरफ्तारी के लिए परसपुर थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस के मुताबिक, 29 दिनों के भीतर तीनों टीमों ने गोंडा, बस्ती, लखनऊ, बहराइच और बलरामपुर समेत पांच जिलों में 100 से अधिक स्थानों पर छापेमारी की है। इस दौरान 20 से अधिक रिश्तेदारों और दोस्तों के घरों पर भी पुलिस टीम पहुंची, लेकिन आरोपी का कोई सुराग नहीं मिल सका।
आकाश सिंह की तलाश में पुलिस ने 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। इसके अलावा उसके परिजनों के कई मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल भी निकलवाकर जांच की गई है। इसके बावजूद पुलिस अभी तक आकाश सिंह तक नहीं पहुंच सकी है।
9 सितंबर को बर्तन व्यापारी विनोद साहनी की हत्या के बाद मातम छा गया था।
हाईकोर्ट से भी नहीं मिली राहत
आकाश सिंह की गिरफ्तारी से बचने के लिए हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत की याचिका दाखिल किए जाने की बात सामने आई है। बीते 1 अक्टूबर को लखनऊ हाईकोर्ट में याचिका पर सुनवाई होनी थी। हालांकि, आकाश सिंह के अधिवक्ता की ओर से याचिका पर आगे कार्रवाई न किए जाने का प्रार्थना पत्र दिया गया।
पुलिस के अनुसार, हाईकोर्ट ने प्रार्थना पत्र स्वीकार करते हुए याचिका खारिज कर दी। इससे आकाश सिंह को हाईकोर्ट से भी राहत नहीं मिली। इससे पहले गोंडा जिला न्यायालय से भी उसे राहत नहीं मिलने की बात पुलिस ने कही है।
आकाश सिंह की गिरफ्तारी के लिए परसपुर थाना पुलिस की टीमें बुधवार को भी अलग-अलग स्थानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्य आरोपी समेत चार लोग जा चुके जेल
पुलिस के अनुसार, इस हत्याकांड में शुभम सिंह उर्फ गोलू और आकाश सिंह मुख्य आरोपियों में शामिल हैं। आरोप है कि दोनों ने सुभाष सिंह और अन्य लोगों के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया था।
पुलिस इस मामले में 10 सितंबर को मुख्य आरोपी शुभम सिंह उर्फ गोलू, सुभाष सिंह समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। वहीं, नामजद आरोपी आकाश सिंह और पांच अज्ञात आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं।
अज्ञात आरोपियों की पहचान के लिए भी परसपुर पुलिस जांच कर रही है। पुलिस परिजनों के बयान दर्ज करने के साथ ही अन्य संभावित ठिकानों और संपर्कों की भी जांच कर रही है।
थाना प्रभारी बोले- जल्द होगी गिरफ्तारी
परसपुर थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल राय ने बताया कि आकाश सिंह ने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की थी, जिसे खारिज कर दिया गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। मामले की जांच जारी है और परिजनों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही आकाश सिंह को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

