घटिया काम पर ठेकेदार होंगे ब्लैक लिस्ट:बिलासपुर निगम कमिश्नर ने दी चेतावनी, कहा- गुणवत्ता से समझौता नहीं, समय पर पूरा करें काम




बिलासपुर नगर निगम ने ठेकेदारों को साफ कर दिया है कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। कम रेट पर काम लेकर घटिया निर्माण करने वाले ठेकेदारों को ब्लैक लिस्ट किया जाएगा। निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने शनिवार को इंजीनियरों और ठेकेदारों की बैठक लेकर यह चेतावनी दी। निगम के दृष्टि सभाकक्ष में हुई बैठक में सभी जोन के निर्माण कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की गई। कमिश्नर ने अधूरे और अब तक शुरू नहीं हुए कामों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जो ठेकेदार काम शुरू नहीं करेंगे, उनके खिलाफ ब्लैक लिस्ट करने की कार्रवाई की जाएगी। समय सीमा में पूरे करें निर्माण कार्य कमिश्नर ने कहा कि बारिश का मौसम अब खत्म होने की ओर है। ऐसे में ठेकेदार तेजी से काम शुरू करें और तय समय सीमा में निर्माण कार्य पूरे करें। उन्होंने सभी निर्माण स्थलों पर सुरक्षा के उचित इंतजाम करने के निर्देश भी दिए। ठेकेदारों ने बताईं अपनी समस्याएं बैठक में ठेकेदारों ने बिल पास होने में देरी, गैर तकनीकी लोगों के काम में दखल देने और फंड मिलने में देरी की समस्याएं रखीं। इस पर कमिश्नर ने बिलिंग के लिए समय सीमा तय करने और फंड की समस्या जल्द दूर करने का आश्वासन दिया। ठेकेदारों ने जरूरी दस्तावेजों की प्रक्रिया आसान करने की मांग भी की। कमिश्नर ने इस मांग पर विचार करने की बात कही। इसके अलावा ठेकेदारों ने भुगतान की प्रक्रिया तय करने और उसके लिए समय सीमा निर्धारित करने की मांग रखी। बैठक में अधीक्षण अभियंता एसपी साहू, ठेकेदार संघ के राजकुमार तिवारी, कमल सिंह, जितेंद्र सोनी, नरेंद्र चित्रकार, विवेक ताम्रकार, आनंद बुधोलिया, अशोक तिवारी, राजन जायसवाल, अंबर चतुर्वेदी और राहुल ताम्रकार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

India Fontline News

Subscribe Our NewsLetter!