Amritsar Crime | Brother Attacks Sister With Iron Rod; CCTV Footage

Amritsar Crime | Brother Attacks Sister With Iron Rod; CCTV Footage


बहन के पैर पर लोहे की रॉड मारता आरोपी भाई, इस दौरान उसका पिता भी पास में ही खड़ा रहा लेकिन रोकने की कोशिश नहीं की।

अमृतसर में भाई ने लोहे की रॉड मारकर सगी बहन का पैर तोड़ दिया। वह गाड़ी में आया और 15 सेकेंड में 12 बार लोहे की रॉड मारी। वह इस बात से गुस्साया कि बहन ससुराल मुंबई से अमृतसर आई लेकिन उसके घर नहीं आई और बड़े भाई के घर चली गई। इसके बाद सीधे मुंबई लौटने लगी

.

बहन को गंभीर घायल हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक्सरे में उसके पैर में फ्रैक्चर नजर आया है। मारपीट की ये पूरी घटना वहां लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने फुटेज कब्जे में ले लिया है। पुलिस अब घायल बहन का बयान लेने की कोशिश कर रही है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बहन के घर के बाहर निकलते ही भाई ने रॉड मारी, जिससे वह नीचे गिर पड़ी।

मारपीट की CCTV फुटेज में क्या दिखा?

घर के बाहर लगे CCTV कैमरे में दिखाई देता है कि एक युवती अपने घर से बाहर निकलती है। जैसे ही वह बाहर आती है, उसी समय एक कार वहां आकर रुकती है। कार से युवती का पिता और छोटा भाई बाहर उतरते हैं। कार से उतरते ही आरोपी भाई हाथ में लोहे की रॉड लेकर अपनी बहन पर ताबड़तोड़ हमला शुरू कर देता है।

वीडियो में आरोपी लगातार लोहे की रॉड से युवती पर वार करता दिखाई देता है। युवती खुद को बचाने की कोशिश करती है और दर्द से चीखती-चिल्लाती रहती है। इस दौरान पिता भी मौके पर मौजूद रहते हैं, लेकिन वीडियो में वह बेटे को रोकते नजर नहीं आते। कुछ देर बाद युवती के बड़े भाई की पत्नी घर से बाहर आती है। उसके बाहर आते ही आरोपी वहां से चला जाता है।

बड़ा भाई बोला- घर न आने की रंजिश थी

पीड़िता के बड़े भाई मनदीप सिंह ने बताया कि ये घटना 1 अगस्त की शाम की है। उनकी छोटी बहन नवदीप कौर मुंबई से उनसे मिलने अमृतसर आई थी। आरोप है कि छोटे भाई को इस बात की रंजिश थी कि वह उनके घर क्यों आई। जब वह उनके घर से अपने ससुराल जाने के लिए निकली, तभी अमृतसर के न्यू मॉडल टाउन, खंडवाला, छेहरटा इलाके में उस पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया गया।

मनदीप सिंह के मुताबिक, हमले में उनकी बहन की दोनों टांगों पर गंभीर चोटें आई हैं। उसकी एक टांग दो जगह से फ्रैक्चर हो गई है, जबकि हाथों पर भी गंभीर चोटें आई हैं। फिलहाल उसका ऑपरेशन चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

बहन के पैर का एक्सरे, जिसमें टांग 2 जगह से फ्रैक्चर दिख रहा है।

प्रॉपर्टी अपने नाम कराना चाहता है

मनदीप सिंह का आरोप है कि विवाद की मुख्य वजह पैतृक संपत्ति है। उनके मुताबिक, छोटा भाई पूरी जायदाद अपने नाम करवाना चाहता है। इसी कारण वह पहले भी कई बार उनके साथ मारपीट कर चुका है और उन पर कृपाण से हमला करने की कोशिश भी कर चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि छोटा भाई अक्सर शराब के नशे में पिता को साथ लेकर बहन और अन्य रिश्तेदारों के घर पहुंचता है। वहां गाली-गलौज करता है और झगड़ा करता है। उनका दावा है कि पिछले करीब 20 दिनों से लगातार ऐसा किया जा रहा था।

पुलिस को शिकायत, सिविल अस्पताल में मेडिकल कराया

मनदीप सिंह ने बताया कि घटना के बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दी है और बहन का सिविल अस्पताल में मेडिकल कराया गया है। उन्होंने प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में छेहरटा थाना के SHO बलविंदर सिंह ने बताया कि मामला पुलिस के संज्ञान में है।

पुलिस ने घटनास्थल से CCTV फुटेज कब्जे में ले ली है। फिलहाल पीड़िता की हालत ठीक नहीं होने के कारण उसका बयान दर्ज नहीं किया जा सका है। जैसे ही वह बयान देने की स्थिति में होगी, उसका बयान दर्ज किया जाएगा। इसके बाद कानून के मुताबिक आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस मामले में केस दर्ज नहीं किया गया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

India Fontline News

Subscribe Our NewsLetter!