Durg News | Navvivahita Suicide Case, Controversy Over Husband Affair


दुर्ग-भिलाई10 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

शादी से पहले पैसों की मांग और विवाद के भी आरोप

दुर्ग के उतई थाना क्षेत्र के उमरपोटी में 14 अगस्त की रात एक नवविवाहिता ने घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान उत्तर प्रदेश के जौनपुर निवासी रवीना यादव के रूप में हुई है।

रवीना की शादी करीब डेढ़ साल पहले विपुल यादव से हुई थी। मायके वालों ने उसकी मौत की वजह पति के कथित एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर और दोनों के बीच हुए विवाद को बताया है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्रेमिका के घर पहुंचने की बात सामने आई

परिजनों के मुताबिक, 14 अगस्त की रात रवीना और उसका पति घर पर मौजूद थे। इसी दौरान पति की कथित प्रेमिका के घर पहुंचने की बात सामने आई। रवीना को इसकी जानकारी होने पर पति से विवाद हुआ। मृतका के मामा साहब लाल यादव का आरोप है कि विवाद के बाद पति ने रवीना को एक कमरे में बंद कर दिया और कथित प्रेमिका के साथ घर से बाहर चला गया।

पति को रात में करीब 17 बार फोन किया, जवाब नहीं मिला

परिजनों का कहना है कि कमरे में बंद होने के बाद रवीना ने पति से संपर्क करने की कई कोशिशें कीं। रात करीब 12 बजे से 2 बजे के बीच उसने पति को लगभग 17 बार फोन किया, लेकिन किसी कॉल का जवाब नहीं मिला।

इससे पहले रात करीब 8:30 बजे रवीना ने पति की कथित प्रेमिका को भी फोन किया था। मामा के अनुसार, दोनों के बीच करीब 15 मिनट तक बातचीत हुई। इस दौरान रवीना ने महिला से उसके पति के साथ कथित रिश्ते को लेकर बात की थी। परिजनों का दावा है कि बातचीत के दौरान रवीना ने गुस्से और तनाव में खुद को या पति को कुछ कर लेने जैसी बातें भी कही थीं।

कमरे में पंखे से दुपट्टा बांधकर लगाई फांसी

परिजनों के अनुसार, इसके बाद रवीना ने कमरे में पंखे से दुपट्टा बांधकर फांसी लगा ली। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार और पुलिस को सूचना दी गई। घटनास्थल से फिलहाल कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं होने की बात सामने आई है।

रवीना के नवविवाहिता होने के कारण पंचनामा कार्रवाई महिला कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में की गई। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मामले में उतई थाना के मर्ग क्रमांक 75/2026 के तहत धारा 194 बीएनएसएस में कार्रवाई दर्ज की गई है।

शादी से पहले भी विवाद का दावा, पैसों की मांग का आरोप

मृतका के मायके वालों ने पति-पत्नी के बीच शादी से पहले से ही विवाद होने का दावा किया है। परिजनों के मुताबिक, सगाई के बाद दोनों के रिश्ते में खटास शुरू हो गई थी।

परिवार का आरोप है कि सगाई के बाद युवक ने रवीना से निजी तस्वीरें मांगी थीं। बाद में उन्हीं तस्वीरों को परिवार के सदस्यों को दिखाकर रवीना के चरित्र पर सवाल उठाए गए और शादी से इनकार करने की बात कही गई। मायके वालों ने शादी के लिए पैसों की मांग किए जाने का भी आरोप लगाया है।

परिजनों के मुताबिक, मामला दोनों परिवारों के बीच बैठक तक पहुंचा था। इसके बाद कथित तौर पर पैसों का लेनदेन हुआ और दोनों की शादी हुई। हालांकि, इन सभी आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

डेढ़ साल पहले हुई थी शादी, कोई संतान नहीं

रवीना और विपुल की शादी करीब डेढ़ साल पहले हुई थी। दोनों की कोई संतान नहीं थी। विपुल मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के रामनगर क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है। काम के सिलसिले में वह अपने चाचा भरत यादव के साथ उमरपोटी में रहता था और प्लंबरिंग का काम करता था। उसके पिता मुंबई में रहकर काम करते हैं।

सुबह मायके वालों को मिली मौत की सूचना

परिजनों के अनुसार, 15 अगस्त की सुबह करीब 8 बजे उन्हें रवीना की मौत की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही जौनपुर से परिवार के सदस्य दुर्ग पहुंचे। नवविवाहिता की मौत की सूचना मिलने पर पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।

16 अगस्त को महिला चिकित्सकों की गठित टीम ने रवीना के शव का पोस्टमार्टम किया। इसके बाद उसके पिता लल्लन यादव सहित मायके के परिजन शव लेकर जौनपुर रवाना हो गए।

मोबाइल और कॉल डिटेल की जांच करेगी पुलिस

फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से सुसाइड नोट नहीं मिलने के कारण मृतका का मोबाइल फोन, कॉल डिटेल, पति-पत्नी के बीच विवाद, कथित प्रेम संबंध और मायके वालों की ओर से लगाए गए पुराने आरोप जांच के महत्वपूर्ण बिंदु होंगे।

पुलिस नवविवाहिता की मौत के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी। परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

…………………….

इस से जुड़ी यह खबर भी पढ़िए

22 साल की शादीशुदा महिला ने फांसी लगाई, LIVE-VIDEO:साड़ी के फंदे से झूली, डेढ़ घंटे की रिकॉर्डिंग मिली, रील बनाते समय हादसे की आशंका

रायगढ़ में महिला ने घर में फांसी लगा ली। घटना का वीडियो भी सामने आया है।

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में 22 साल की शादीशुदा महिला ने फांसी लगा ली है। फंदे पर लटकने से लेकर मौत तक मोबाइल में लाइव वीडियो भी रिकॉर्ड हुआ है। जब उसकी सास घर आई, तब इसका पता चला। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।…पढ़िए पूरी खबर

खबरें और भी हैं…



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

India Fontline News

Subscribe Our NewsLetter!