Patna IGIMS Firing Case | Medico Shop Shooting CCTV Footage & Arrest
पटना15 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
पटना के शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र में बेली रोड स्थित IGIMS अस्पताल के पास शुक्रवार को गोलीबारी हुई है। 15 अगस्त को लेकर राजधानी में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुई फायरिंग की गई है।
घटना की सूचना मिलते ही शास्त्रीनगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
बताया गया कि न्यू अंशिका मेडिको को टारगेट कर फायरिंग हुई है। दुकान में मौजूद कर्मियों को पहले बदमाशों ने धमकी दी। फिर गोली चलानी शुरू कर दी। 3 राउंड फायरिंग की गई है।
4 से 5 की संख्या में बदमाश बाइक से आए थे। दुकान के ऑनर प्रमोद कुमार सिंह ने बताया, 6 से 7 की संख्या में सभी आए और मेरे स्टाफ के साथ मारपीट की।
धमकी दी और दहशत फैलाने के इरादे से फायरिंग करते भाग गए। “तुम IGIMS में काम करते हो, मुझे भी करने दो, नहीं तो तुम्हारी हत्या कर दी जाएगी।”
राजधानी में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुई इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई। हालांकि, घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
देखें फायरिंग के दौरान की 2 तस्वीरें…
बताया जा रहा कि 3 राउंड फायरिंग की गई है।
घटना के बाद आसपास बैठे लोग दहशत में आ गए।
पहले दुकान के स्टाफ से मारपीट, फिर पिस्टल निकालकर फायरिंग
न्यू अंशिका मेडिको के ऑनर के बेटे राजेश कुमार सिंह के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे कुछ युवक IGIMS गेट नंबर-3 के पास बैठकर गांजा और शराब पी रहे थे।
राजेश के अनुसार, दुकान के स्टाफ अमित कुमार ने उन्हें वहां बैठकर नशा करने से मना किया। उसने कहा कि इस रास्ते से डॉक्टर और नर्स आते-जाते हैं। इसके बाद युवक गाली-गलौज करते हुए वहां से चले गए।
आरोप है कि करीब 1:30 बजे 7-8 की संख्या में युवक दोबारा दुकान पर पहुंचे। इनमें सुधांशु सिंह, चीकू कुमार, पंकज कुमार चौधरी, सोनू कुमार समेत अन्य लोग शामिल थे। उन्होंने दुकान में घुसकर स्टाफ से पूछा कि उनके आदमी को वहां से क्यों भगाया।
राजेश का आरोप है कि इसके बाद बदमाशों ने मारपीट शुरू कर दी और सुधांशु सिंह ने कमर से पिस्टल निकालकर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद सभी मौके से फरार हो गए।
IGIMS में काम करते हो, मुझे भी करने दो…
दुकान संचालक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि करीब 6-7 लोग दुकान पर आए थे। उन्होंने उनके स्टाफ के साथ मारपीट की और धमकी दी।
उनके मुताबिक, बदमाशों ने कहा, “तुम IGIMS में काम करते हो, मुझे भी करने दो, नहीं तो तुम्हारी हत्या कर दी जाएगी।”
इसके बाद दहशत फैलाने के इरादे से फायरिंग करते हुए आरोपी वहां से भाग निकले।
SSP बोले- एक आरोपी गिरफ्तार, सभी की पहचान हुई
SSP ने आगे कहा, ‘यदि दुकान के दस्तावेजों या कारोबार में कोई गड़बड़ी मिली तो दुकान को सील करने की कार्रवाई भी की जाएगी।’
पटना SSP कार्तिकेय शर्मा ने बताया, ‘दवा कारोबार से जुड़े वैध दस्तावेजों की भी जांच कराई जा रही है। IGIMS के आसपास दवा कारोबार को लेकर किसी तरह का सिंडिकेट चलने और मरीजों को खास दुकानों से दवा खरीदने के लिए मजबूर करने की शिकायतों की भी जांच की जा रही है।’
मरीजों के परिजनों से दवा खरीदने को लेकर विवाद
पुलिस के मुताबिक, IGIMS के आसपास मरीजों को दवा खरीदने के लिए बाहर निकलने पर कुछ लोग कथित तौर पर उनका पुर्जा लेकर अपनी-अपनी दुकानों की ओर ले जाने की कोशिश करते हैं। इसी को लेकर अक्सर विवाद होने की बात सामने आई है।
पुलिस अब इस पूरे मामले की जांच के साथ ही IGIMS के आसपास सक्रिय ऐसे लोगों और दवा दुकानों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
गोलीबारी में किसी के घायल होने की सूचना सामने नहीं आई है। मौके पर पहुंचे दारोगा अभय कुमार ने बताया कि गोली चलने की सूचना मिली है। जांच हो रही है।
CCTV से जुटाए जा रहे साक्ष्य
मौके पर पहुंचे दारोगा अभय कुमार ने बताया कि गोली चलने की सूचना मिली थी और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
फिलहाल, पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

