Pune Ketan Agarwal Trekking Murder Mystery; Siya Goyal Chetan Hoodie

Pune Ketan Agarwal Trekking Murder Mystery; Siya Goyal Chetan Hoodie


  • Hindi News
  • National
  • Pune Ketan Agarwal Trekking Murder Mystery; Siya Goyal Chetan Hoodie | Lohagad Fort

पुणे3 दिन पहले

  • कॉपी लिंक

सोशल मीडिया पर सिया ने अपने पोस्ट में मंगेतर केतन से गले लगते, डांस करते वीडियो शेयर किया था।

पुणे में मंगेतर की हत्या करने वाली 20 साल की सिया गोयल ने सोशल मीडिया अकाउंट पर केतन अग्रवाल (26) के साथ कई रोमांटिक पोस्ट किए थे। कभी प्रपोजल की तस्वीरें, कभी फूल देकर प्यार जताने वाले पल, तो कभी डांस और गले मिलने के वीडियो।

दोनों की नवंबर में होने वाली शादी की तैयारियां भी सोशल मीडिया पोस्ट का हिस्सा थीं। इस साल फरवरी में सगाई के बाद सिया ने इंस्टाग्राम पर एक केक की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा था- मेरे दिल को उसका घर मिले एक महीना पूरा हुआ। उसने केतन को टैग भी किया था।

पुलिस के मुताबिक, 18 जून को केतन की मौत के दिन लोहगढ़ किले पर एक युवक 33°C तापमान में हुडी पहनकर आया था। पुलिस ने जांच में इसे ही आधार बनाकर एक-एक कड़ियां जोड़ीं। आखिरकार सिया और उसे बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी (22) को केतन की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया।

19 मई को सिया ने अपने जन्मदिन के काउंटडाउन की स्टोरी पोस्ट की, जिसमें दोनों एक रोमांटिक गाने पर डांस करते नजर आ रहे थे।

19 जून को सिया का बर्थडे, केतन से पहले से सेलिब्रेशन शुरू कर दिया

सोशल मीडिया पर सिया और उसके मंगेतर केतन का रिश्ता किसी परफेक्ट लव स्टोरी जैसी थी। 19 जून को सिया का बर्थडे था। केतन ने एक महीने पहले यानी 19 मई से ही काउंटडाउन सेलिब्रेशन शुरू कर दिया था। वह रोज उसे अलग-अलग तरीके से अपनी मंगेतर सरप्राइज देता।

सिया सोशल मीडिया पर इसके वीडियो पोस्ट करती थी। ये पोस्ट अब वायरल हो रहे हैं। एक पोस्ट में केतन अपनी कार फूलों से सजाकर सिया को गिफ्ट देता दिखा। सिया ने इसका वीडियो पोस्ट कर लिखा- उसने ‘पसंद है तुम्हें’ वाली बात को बहुत सीरियसली से ले लिया।

बैकग्राउंड में ‘पसंद है तुम्हें’ गाना भी बज रहा था। एक स्टोरी में उसने केतन की तस्वीर को ‘दैट स्माइल’ कैप्शन के साथ शेयर किया था। केतन की मौत के अगले दिन सिया ने इंस्टाग्राम पर एक इमोशनल पोस्ट लिखी- ‘केतन तुम मुझे मेरे जन्मदिन पर अकेला छोड़ गए। वापस आ जाओ।’

एक पोस्ट में दोनों कार के अंदर बैठकर गले लगते दिखे। केतन ने अपने कार के अंदर और बाहर फूलों की सजावट की थी।

सगाई के एक महीने बाद सिया ने केक की फोटो शेयर करते हुए लिखा था- मेरे दिल को घर मिले एक महीना हो गया।

18 जून: बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर मंगेतर को खाई में धकेला

पुलिस के अनुसार, सिया और चेतन करीब तीन साल से एक-दूसरे को जानते थे। लेकिन सिया के परिवार ने उसकी शादी केतन से तय कर दी थी। केतन के परिवार के अनुसार, सिया पहले शादी को लेकर संकोच जता चुकी थी और एक बार शादी टालने की बात भी कह चुकी थी।

पुलिस के अनुसार, सिया यह शादी नहीं चाहती थी। उसे लगता था मंगतेर केतन उसके और चेतन के बीच आ रहा है। इसलिए उसने केतन को मारने की साजिश रची। वह अपने बर्थडे से एक दिन पहले 18 जून को ट्रैकिंग के बहाने केतन को अपने साथ लोहगढ़ किले लेकर गई।

वहां बॉयफ्रेंड चेतन के साथ मिलकर मंगेतर को करीब 400 फीट गहरी खाई में धकेल दिया। सिया ने पुलिस को गुमराह करने के लिए बताया था कि केतन का पैर फिसल गया था। पुलिस ने भी हादसा मानकर केस दर्ज किया था।

CCTV में हुडी पहने युवक सिया-केतन के पीछे-पीछे चलते दिखा

जांच टीम के एक अधिकारी ने बताया कि किले के टिकट काउंटर पर लगे CCTV कैमरों की जांच के दौरान हमें केतन और सिया साथ-साथ चलते दिखाई दिए। फुटेज को ध्यान से देखने पर पुलिस ने पाया कि दोनों से करीब 20 फीट पीछे एक युवक भी चल रहा था।

उसने शॉर्ट्स और हुडी पहन रखी थी। उसने हुडी को इतना नीचे खींच रखा था कि उसका चेहरा दिखाई नहीं दे रहा था। इसके ऊपर उसने हेडसेट भी लगा रखा था। एक दूसरी फुटेज में दिखा कि सिया अचानक पीछे मुड़ती है और उसी समय हुडी पहना युवक झट से नीचे बैठ जाता है।

पुलिस ने उस दिन के तापमान की जांच की तो पता चला कि 18 जून को उस समय 33 डिग्री सेल्सियस तापमान था। ऐसे में सवाल उठा कि इतनी गर्मी में कोई हुडी क्यों पहनेगा। परिवार शोक में था, इसलिए पुलिस ने शुरुआत में ज्यादा पूछताछ नहीं की गई।

फोटो में शॉर्ट्स और हुडी पहने दिख रहा शख्स सिया का बॉयफ्रेंड चेतन है। वह CCTV में लोहगढ़ किले पर दिखा।

कॉल रिकॉर्ड से प्रेमी का खुलासा, 2004 कॉल्स और 238 घंटे बातचीत हुई

पुलिस को कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और डिजिटल कम्युनिकेशन डेटा की जांच से पता चला सिया चेतन नाम के लड़के से लगातार संपर्क में थी। दोनों के बीच 1 जनवरी से 18 जून तक 2004 कॉल्स हुए। इससे दोनों के बीच गहरे संबंध के संकेत मिले।

पुलिस ने चेतन की तस्वीरों और सोशल मीडिया प्रोफाइल की जांच की। जब उसकी तस्वीरों को CCTV फुटेज में दिख रहे हुडी वाले युवक से मैच किया गया तो हत्या का शक और मजबूत हो गया। इसके बाद पुलिस ने चेतन चौधरी को हिरासत में लिया।

प्रेमी बोला- सिया बदनामी के कारण भागकर शादी के खिलाफ थी

पूछताछ में चेतन से जब पूछा गया कि सिया और तुमने भागकर शादी क्यों नहीं की। इस पर उसने बताया कि सिया सगाई तोड़कर भागने के पक्ष में नहीं थी। उसे लगता था कि इससे उसके परिवार की बदनामी होगी। इसके बाद पुलिस ने सिया और चेतन दोनों को गिरफ्तार कर हत्या और आपराधिक साजिश के आरोप में मामला दर्ज किया।

यह केतन और सिया की सगाई की तस्वीर है।

सिया लोहगढ़ जाने की जिद करती, केतन को पहले भी मारने की कोशिश की

केतन की बहन संजना और अन्य परिजन से पता चला कि सिया कई बार केतन को लोहगढ़ किले ले जाने की जिद कर चुकी थी। 31 मई को वह उसे वहां ले गई थी। इसके बाद 4 जून को भी उसने वहां जाने के लिए कहा, लेकिन केतन की मां ने इजाजत नहीं दी।

पुलिस के अनुसार सिया और उसका बॉयफ्रेंड चेतन, बाली (इंडोनेशिया) में होने वाले प्री-वेडिंग फोटोशूट से पहले ही केतन को रास्ते से हटाना चाहते थे। हालांकि, आखिरी समय में ट्रिप कैंसिल हो गई, क्योंकि केतन का पासपोर्ट रहस्यमय तरीके से गायब हो गया था। पुलिस को शक है कि सिया ने ही पासपोर्ट चुराया था।

इसके बाद सिया ने 14 जून को फिर लोहगढ़ जाने की जिद की तो केतन चला गया। उस दिन भी सिया ने केतन को खाई में धक्का देने की कोशिश की थी, लेकिन वह झाड़ी पकड़कर बच गया। जब केतन ने पूछा कि उसे धक्का क्यों दिया गया, तो सिया ने सांप दिखने का नाटक किया और ऐसा दिखाया कि उसने केतन की जान बचाई है।

रियल एस्टेट कारोबारी थे केतन, शादी के लिए 17 करोड़ में पैलेस बुक था

केतन अग्रवाल पुणे के गहुंजे के रहने वाले थे। वे रियल एस्टेट कारोबारी और सक्सेस ग्रुप के डायरेक्टर विशाल अग्रवाल के बेटे थे। विशाल पुणे के रियल एस्टेट सर्कल में ‘लैंड बैंक’ माने जाते हैं। केतन भी कंपनी में डायरेक्टर और चीफ मार्केटिंग ऑफिसर (CMO) के पद पर थे।

उन्होंने सिंबायोसिस यूनिवर्सिटी से BBA किया था। अमेरिका के बैब्सन F.W. ओलिन ग्रेजुएट स्कूल ऑफ बिजनेस से एंटरप्रेन्योरशिप में MS (मास्टर ऑफ साइंस) की डिग्री ली। सिया ड्राई फ्रूट्स कारोबारी की बेटी है। नवंबर में दोनों की शादी होनी थी। इसके लिए राजस्थान में 17 करोड़ रुपए का एक पैलेस बुक किया जा चुका था। मेहमानों के लिए दो चार्टर्ड प्लेन बुक थे।

पुणे के मजिस्ट्रेट कोर्ट ने 23 मई को सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी को 29 जून तक पुलिस हिरासत में भेज दिया।

प्यार, दबाव और साजिश, साइकोलॉजिस्ट ने समझाई मानसिकता

भोपाल में क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट और ट्रॉमा-फोकस्ड थेरेपिस्ट द्युतिमा शर्मा ने बताया कि कुछ लोग प्यार, परिवार और समाज के बीच उलझकर ऐसे खतरनाक फैसले ले लेते हैं। सवाल-जवाब से समझिए ऐसे मामलों को मनोविज्ञान कैसे देखता है?

सवाल 1: सिया को परिवार की बदनामी का डर था। फिर भी वह अपराध के रास्ते पर कैसे चली गई? जवाब: कई बार फैमिली इतना प्रेशर डालती है कि बच्चे नहीं चाहते कि घर में और तनाव हो। इसलिए वे अपनी बात खुलकर रखने के बजाय दूसरे रास्ते ढूंढने लगते हैं। इसकी सबसे बड़ी वजह परिवार में भरोसे की कमी होती है। अगर भरोसा होता तो सिया आसानी से घरवालों से बात कर सकती थी। वह मना भी कर रही थी, लेकिन परिवार दबाव डालता रहा। माता-पिता को सिर्फ अपनी बात मनवाने की जगह यह समझने की कोशिश करनी चाहिए कि बच्चा मना क्यों कर रहा है।

सवाल 2: क्या यह अनहेल्दी पेरेंटिंग का मामला भी हो सकता है? जवाब: बिल्कुल। जब माता-पिता बच्चों की भावनाओं को समझे बिना उन पर फैसला थोपते हैं, तो इसे अथॉरिटेरियन पेरेंटिंग कहते हैं। इसमें एकतरफा फैसला लिया जाता है। इसके बजाय अथॉरिटेटिव पेरेंटिंग होनी चाहिए, जहां बच्चे और माता-पिता दोनों अपनी बात रखते हैं, चर्चा होती है और फिर फैसला लिया जाता है। कई परिवारों में यही चीज मिसिंग है।

सवाल 3: पढ़े-लिखे परिवारों में भी पेरेंट्स और बच्चों के बीच कम्युनिकेशन गैप क्यों दिख रहा है? जवाब: जरूरी नहीं कि कोई पढ़ा-लिखा और वेल-सेटल्ड है तो उसका इमोशनल इंटेलिजेंस भी अच्छा हो। अपनी और दूसरों की भावनाओं को समझना और संभालना एक अलग स्किल है। हमारे स्कूलों में भी लंबे समय तक सोशल-इमोशनल लर्निंग पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया गया। इसलिए कई लोग बड़े होकर भी अपनी भावनाएं ठीक से व्यक्त नहीं कर पाते।

सवाल 4: सोशल मीडिया पर प्यार दिखाना और दूसरी तरफ साजिश रचना, मनोविज्ञान इसे कैसे देखता है? जवाब: अपराधी मानसिकता वाले लोग कई बार जानबूझकर सोशल मीडिया पर झूठी भावनाएं दिखाते हैं ताकि किसी को उन पर शक न हो। सिया के मामले में रोमांटिक पोस्ट भी उसी रणनीति का हिस्सा हो सकती हैं।

सवाल 5: क्या सिया की उम्र और पारिवारिक माहौल भी एक वजह हो सकती है? जवाब: सिया सिर्फ 20 साल की थी। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या उस पर जल्दी शादी का दबाव था? कई मामलों में देखा जाता है कि अगर परिवार में पितृसत्तात्मक सोच हो और बच्ची को लगे कि उसकी बात सुनी ही नहीं जाएगी, तो वह बोलना ही बंद कर देती है। इसे लर्न्ड हेल्पलेसनेस कहते हैं। अगर एक-दो बार मना करने के बाद भी उसकी बात खारिज कर दी गई हो, तो उसे लग सकता है कि विरोध करने का कोई फायदा नहीं है।

सवाल 6: कौन-सी व्यक्तिगत कमियां इंसान को गलत फैसलों की तरफ ले जा सकती हैं? जवाब: सेल्फ-अवेयरनेस की कमी, अपनी बाउंड्री तय न कर पाना और भावनाओं को सही तरीके से व्यक्त न कर पाना बड़ी वजह हो सकती है। जब इंसान लंबे समय तक अपनी बात दबाता रहता है, तो कई बार वह गुस्से या हताशा में गलत फैसले ले बैठता है।

सवाल 7: ऐसे मामलों से क्या सबक लेना चाहिए और समाधान क्या है? जवाब: भारत में जैसे शादी से पहले कुंडली मिलाई जाती है, वैसे ही प्री-मैरिटल काउंसिलिंग भी होनी चाहिए। इससे दोनों लोगों को अपनी बात रखने का मौका मिलता है और यह पता चलता है कि वे शादी के लिए तैयार हैं या नहीं। फैमिली थेरेपी भी जरूरी है ताकि परिवार एक-दूसरे को बेहतर तरीके से समझ सके। साथ ही लोगों को सेल्फ-अवेयरनेस, इमोशनल हेल्थ और रिलेशनशिप स्किल्स पर काम करना चाहिए। बच्चों की परवरिश में संवाद और भरोसा सबसे जरूरी चीज है।

——————-

यह खबर भी पढ़ें…

पुणे में 400 फीट गहरी खाई में गिरा युवक, मंगेतर का बर्थडे मनाने गया था; नवंबर में शादी थी

महाराष्ट्र के पुणे में बने लोहगढ़ किले पर घूमने गया युवक फोटो खींचते समय 400 फीट गहरी खाई में गिर गया। चोटों के चलते उसकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक तेज हवाओं के चलने से वह बैलेंस नहीं बना सका और फिसल गया। पूरी खबर पढ़ें…

खबरें और भी हैं…



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

India Fontline News

Subscribe Our NewsLetter!