हजारीबाग में 70 लाख की अवैध शराब जब्त:बिहार तस्करी के लिए ट्रक से ले जा रहे 935 कार्टून बरामद, चालक गिरफ्तार
हजारीबाग पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 70 लाख रुपए मूल्य की अंग्रेजी शराब जब्त की है। बरकट्ठा थाना क्षेत्र के झारखंड होटल के पास से एक 12 चक्का ट्रक से 935 कार्टून शराब बरामद की गई। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह खेप बिहार में तस्करी के लिए ले जाई जा रही थी। मद्य निषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो, पटना से हजारीबाग पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर, हजारीबाग पुलिस अधीक्षक अमन कुमार के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। शुक्रवार शाम को टीम ने बरकट्ठा थाना क्षेत्र में अभियान चलाया। झारखंड होटल के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ट्रक से कुल 935 कार्टून अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 70 लाख रुपए है। पुलिस ने मौके से ट्रक को जब्त कर लिया और उसके चालक दलजीत सिंह, जो उत्तराखंड का निवासी है, को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। शनिवार को बरही एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर ने बताया कि यह कार्रवाई गुप्त सूचना पर आधारित थी। उन्होंने पुष्टि की कि शराब की यह खेप बिहार भेजी जा रही थी। पुलिस अब पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच कर रही है और इस अवैध कारोबार से जुड़े सभी लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link

