किराए के कमरे में B.A की छात्रा ने किया सुसाइड:15 दिन पहले सहली के साथ आई थी जमुई, 3 दिन के लिए आज जाने वाली थी घर
जमुई के शांति नगर मोहल्ले में किराए के मकान में रह रही बीए फर्स्ट ईयर की छात्रा का शव मंगलवार देर रात फंदे से लटका मिला। मृतका की पहचान खैरा थाना क्षेत्र के हरपेटी गांव निवासी उमेश तांती की बेटी रूबी कुमारी(18) के रूप में हुई है। वह केकेएम कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा थी। पुलिस ने बुधवार सुबह शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। रूबी करीब 15 दिन पहले ही अपनी सहेली नंदिनी कुमारी के साथ पढ़ाई के लिए जमुई शहर में किराए का कमरा लेकर रहने आई थी। उसकी सहेली नंदिनी कुमारी ने बताया कि बुधवार सुबह दोनों को अपने घर जाना था, जिसकी जानकारी उन्होंने अपने परिवार वालों को भी दी थी। दोस्त को छत पर छोड़कर आ गई थी कमरे में नंदिनी के अनुसार, मंगलवार रात दोनों ने साथ में खाना बनाया और खाया। रात करीब 11 बजे दोनों रोज की तरह टहलने के लिए छत पर गई। कुछ देर बाद रूबी नीचे कमरे में चली गई, जबकि नंदिनी कुछ देर और छत पर ही रही। नंदिनी जब करीब रात एक बजे नीचे लौटी तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक आवाज लगाने और दरवाजा खटखटाने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। बाहर की लाइट जलाने पर खिड़की से अंदर देखने पर रूबी फंदे से लटकी दिखाई दी। नंदिनी ने शोर मचाया, जिसके बाद मकान मालकिन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। छात्रा को नीचे उतारकर तत्काल एक निजी क्लिनिक ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 3 दिन के लिए घर पर जाने वाली थी बुधवार सुबह सदर अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। परिजनों ने बताया कि उन्होंने बेटी को पढ़ाई के लिए शहर भेजा था। रूबी ने फोन पर बताया था कि कमरे का किराना सामान खत्म हो गया है और वह दो-तीन दिन घर में रहने के बाद फिर पढ़ाई के लिए लौट आएगी। परिजनों को इस तरह की किसी अनहोनी की आशंका नहीं थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में सुसाइट का मामला प्रतीत होता है। मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस छात्रा की सहेली, मकान मालिक और परिजनों से पूछताछ कर विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Source link

