गंगापुर में छह आवारा कुत्तों ने मासूम को काटा:6 साल का बच्चा गंभीर रूप से घायल, जिला अस्पताल में भर्ती
रामपुर के गंगापुर गांव में छह आवारा कुत्तों के झुंड ने 6 साल के मासूम पवन पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। आसपास मौजूद लोगों ने बच्चे को कुत्तों के चंगुल से छुड़ाया और तुरंत 108 एंबुलेंस सेवा के माध्यम से जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने इमरजेंसी वार्ड में उसे भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया है। घायल बच्चे की मां माला देवी ने बताया कि उनका बेटा पवन खेत की ओर जा रहा था, तभी अचानक छह आवारा कुत्तों ने उस पर हमला कर दिया। कुत्तों ने बच्चे के शरीर के कई हिस्सों पर काटकर उसे लहूलुहान कर दिया। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह कुत्तों को भगाकर उसकी जान बचाई। माला देवी ने यह भी बताया कि गांव में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ रहा है, जिससे बच्चों और महिलाओं में डर का माहौल है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए एक विशेष अभियान चलाया जाए। रोज 30 से 35 कुत्ता काटने के मरीज पहुंच रहे अस्पताल
जिले के आंकड़ों के अनुसार, रामपुर में आवारा कुत्तों का खतरा लगातार बढ़ रहा है। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. बी.सी. सक्सेना ने बताया कि अस्पताल में प्रतिदिन 30 से 35 नए कुत्ता काटने के मरीज पहुंचते हैं। इनमें से 10 से 15 मामले पालतू कुत्तों से संबंधित होते हैं, जबकि शेष मामलों में आवारा कुत्ते बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं और युवकों को निशाना बनाते हैं। डॉ. सक्सेना ने यह भी बताया कि जिला अस्पताल परिसर से कई बार कुत्ते पकड़वाए गए हैं, फिर भी आवारा कुत्ते यहां घूमते रहते हैं। नगर पालिका को कई बार पत्र लिखे गए हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई है। सीएमओ के अनुसार, जिले की सभी सीएचसी और पीएचसी में भी प्रतिदिन लगभग 20 मरीज कुत्ता काटने के पहुंचते हैं। जिले की छह तहसीलों के हिसाब से यह संख्या करीब 120 तक पहुंचती है। जिला मुख्यालय और तहसीलों को मिलाकर रोजाना लगभग 155 लोग कुत्तों के हमले का शिकार हो रहे हैं। चमरौआ ब्लॉक के बीडीओ प्रमोद कुमार सिंह ने इस मामले पर कहा कि जल्द ही एक टीम बनाकर आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए अभियान चलाया जाएगा।
Source link

