गुरदासपुर में एक्सीडेंट में पोस्ट ऑफिस कर्मी की मौत:रेत से भरे टिप्पर ने मारी बाइक को टक्कर, कुछ समय पहले ही लगी थी नौकरी
गुरदासपुर के दीनानगर पुलिस स्टेशन के तहत बहरामपुर रोड पर एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। रेत से भरे टिपर ने युवक की बाइक को टक्कर मार दी।हादसे की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतक युवक की पहचान हल्ला चाहिया निवासी राहुल कुमार के रूप में हुई है। शुक्रवार सुबह राहुल अपनी बाइक पर सवार होकर ड्यूटी पर जा रहा था। बताया जाता है कि कुछ समय पहले ही बामियाल पोस्ट ऑफिस में राहुल की नौकरी लगी थी। वे अपने गांव हल्ला चाहिया से मोटरसाइकिल पर बामियाल पोस्ट ऑफिस जा रहे थे। बहरामपुर रोड पर आहलूवाल चौक के पास दीनानगर की तरफ से आ रहे एक तेज रफ्तार रेत से भरे टिपर ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि राहुल की मौके पर ही जान चली गई। सूचना मिलने पर दीनानगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
Source link

