ग्राम सेवा शिविरों में जिला प्रमुख ने की जनसुनवाई:दुलाराम इंदलिया बोले- हर व्यक्ति तक पहुंचेगी सरकार की योजना
श्रीगंगानगर जिला प्रमुख दुलाराम इंदलिया ने शुक्रवार को ग्राम पंचायत 6 एफए रडेवाला, 9 एफए माझीवाला और फौजूवाला में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविरों में पहुंचकर जनसमस्याओं को सुना। जिसके बाद संबंधित अधिकारियों को मौके पर बुलाकर कई शिकायतों का तत्काल निस्तारण करवाया। शिविर में मनरेगा मजदूरों ने समस्या उठाई कि पिछले दो वर्ष से गांव में कोई मनरेगा कार्य शुरू नहीं हो पा रहा है। जिला प्रमुख दुलाराम इंदलिया ने इस पर तुरंत संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को 6 नंबर फॉर्म भरवाने के सख्त निर्देश दिए, ताकि जल्द से जल्द काम शुरू हो सके।
गांव फौजूवाला में जिला प्रमुख ने 2 पात्र परिवारों को आवासीय पट्टे वितरित किए और 3 लाभार्थियों को मंगला बीमा पॉलिसी सौंपी। इंदलिया ने माझीवाला को छोड़कर अन्य पंचायतों में लाभार्थियों की कम संख्या पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि कर्मचारी-अधिकारी शिविर में बैठे रहे, लेकिन आमजन की उपस्थिति कम रही। इस दौरान जिला प्रमुख दुलाराम इंदलिया ने कहा- मेरा संकल्प है अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचे। इसके लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को मिलकर और ज्यादा मेहनत करनी होगी। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे इन शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपनी समस्याएं बिना संकोच बताएं।
Source link

