जगराओं-AAP से जुड़े सरपंच पर युवक को पीटने का आरोप:VIDEO; पीड़ित बोला- नशा तस्करों की सूची डलवाया नाम, सरपंच का आरोपों से इनकार




लुधियाना जिले के जगराओं क्षेत्र के अंतर्गत आते सिधवां बेट के गांव सलेमपुरा में सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (AAP) से जुड़े सरपंच और एक युवक के बीच देर रात जमकर विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है। घटना में घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। युवक का आरोप है कि सरपंच ने अपने राजनीतिक रसूख का इस्तेमाल कर उसका नाम पुलिस की नशा तस्करों की सूची में डलवाया और विरोध करने पर उसकी पिटाई की, जबकि सरपंच ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि उनकी पत्नी से धक्का मुक्की करने पर मारपीट हुई है। आरोप- सरपंच नशा तस्करों की सूची नाम डलवाया, रोज पहुंच रही पुलिस पुलिस को दी शिकायत में अस्पताल में उपचाराधीन हरजीत सिंह ने बताया कि उसका नशे की खरीद-फरोख्त या सेवन से कोई लेना-देना नहीं है। इसके बावजूद पुलिस हर एक-दो दिन के अंतराल पर उसके घर तलाशी लेने पहुँच रही थी। इससे परेशान होकर जब उसने पड़ताल की, तो उसे पता चला कि गांव के सरपंच द्वारा पुलिस को सौंपी गई संदिग्ध नशा तस्करों व नशेड़ियों की लिस्ट में उसका नाम भी दर्ज करवाया गया है। सरपंच के घर शिकायत करने पहुँचा तो डंडे से जमकर पीटा हरजीत सिंह के अनुसार, जब पुलिस की बार-बार छापेमारी से उसका परिवार मानसिक रूप से परेशान हो गया, तो वह देर रात खुद सरपंच के घर अपना नाम सूची से हटाने की बात कहने गया था। आरोप है कि बातचीत के दौरान बहस बढ़ गई और सरपंच ने डंडे से उसकी जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह घायल हो गया। परिजनों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुँचाया। युवक का यह भी आरोप है कि मारपीट के दौरान वीडियो भी बनाई गई और सत्ताधारी दल से जुड़े होने के कारण सरपंच उसके साथ दबंगई कर रहा है।
सरपंच ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर दी सफाई दूसरी ओर, सरपंच दविंदर सिंह ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर युवक के आरोपों को पूरी तरह से निराधार और गलत बताया है। सरपंच ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि उक्त युवक देर रात किसी बुरी नीयत से उनके घर में जबरन घुसा था। उसने उनकी पत्नी के साथ गाली-गलौज की और उन्हें धक्का दे दिया, जिसके बचाव और विरोध में ही यह मारपीट हुई।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

India Fontline News

Subscribe Our NewsLetter!