ITI नैनी के प्रधानाचार्य का कार्यभार संयुक्त निदेशक को:STF की कार्रवाई के बाद निलंबित हुए थे तत्कालीन प्रधानाचार्य
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) नैनी के प्रधानाचार्य अशोक कुमार को निलंबित करने के बाद शासन ने प्रयागराज मंडल के संयुक्त निदेशक राजकुमार को संस्थान का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा है। यह कार्रवाई आईटीआई नैनी में परीक्षा के दौरान सामूहिक नकल कराने के मामले में एसटीएफ द्वारा गिरफ्तारी के बाद की गई है। एसटीएफ ने 29 जुलाई 2026 को आईटीआई नैनी में कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) के दौरान सामूहिक नकल की शिकायत पर छापा मारा था। इस कार्रवाई में तत्कालीन प्रधानाचार्य अशोक कुमार और सॉल्वर सदस्यों सहित कुल 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तार किए गए सभी 11 आरोपियों को जेल भेज दिया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए शासन ने अशोक कुमार को उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक (अनुशासन एवं अपील) नियमावली, 1999 के तहत निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान अशोक कुमार को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा। सामूहिक नकल के इस मामले और प्रधानाचार्य पर हुई कार्रवाई ने परीक्षा व्यवस्था की शुचिता पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। प्रधानाचार्य पद रिक्त होने के कारण शासन ने यह अंतरिम व्यवस्था की है। संयुक्त निदेशक राजकुमार अब संस्थान के वित्तीय और प्रशासनिक कामकाज की जिम्मेदारी संभालेंगे। नियमित प्रधानाचार्य की तैनाती होने पर उनका यह अतिरिक्त प्रभार समाप्त हो जाएगा।
Source link

