झज्जर में बवाल का CCTV आया सामने:लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से घरों पर हमला, महिलाओं समेत कई घायल, छावनी मोहल्ले में पुराना विवाद हिंसा में बदला
झज्जर शहर के छावनी मोहल्ले में हुए हिंसक बवाल का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। फुटेज में बड़ी संख्या में युवक लाठी, डंडे और ईंट-पत्थर लेकर गली में घुसते और कई घरों पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं। कुछ युवक लगातार पत्थरबाजी करते नजर आ रहे हैं, जबकि अन्य हाथों में डंडे लेकर घरों की ओर दौड़ रहे हैं। फुटेज सामने आने के बाद घटना ने नया मोड़ ले लिया है। घरों में घुसकर किया हमला, पूरे मोहल्ले में मची अफरा-तफरी प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने कई घरों को निशाना बनाते हुए जमकर ईंट-पत्थर बरसाए। अचानक हुए हमले से पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए घरों के दरवाजे और खिड़कियां बंद कर अंदर छिप गए। हमले के दौरान कई मकानों को भी नुकसान पहुंचा। महिलाओं समेत कई घायल, अस्पताल में चल रहा इलाज हमले में महिलाओं सहित करीब 10 लोग घायल हुए हैं। घायलों में कुछ को गंभीर चोटें आई हैं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी रोष है। दीवार और रास्ते के विवाद से भड़की हिंसा जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच काफी समय से दीवार और रास्ते को लेकर विवाद चला आ रहा था। इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। आरोप है कि एक पक्ष के लोग एकजुट होकर दूसरे पक्ष के घरों तक पहुंच गए और हमला कर दिया। पुलिस को शिकायत, CCTV के आधार पर होगी कार्रवाई घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस को शिकायत सौंप दी है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि फुटेज में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link

