टीकमगढ़ में लूट के आरोपी 40 दिन बाद भी फरार:SP से शिकायत के बाद TI नाराज, बोले- शिकायत करने वाले से बातचीत का ऑडियो हुआ लीक




टीकमगढ़ कोतवाली थाना क्षेत्र में लूट के एक मामले में फरार चल रहे चार आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर कोतवाली टीआई का एक ऑडियो सामने आया है। इसमें शिकायतकर्ता लोकेंद्र सिंह परमार और टीआई रवि भूषण पाठक के बीच बातचीत हुई है। ऑडियो में थाना प्रभारी शिकायतकर्ता से कह रहे हैं कि वे आरोपियों की गिरफ्तारी की कार्रवाई कर रहे थे। इसी बीच शिकायतकर्ताओं ने एसपी को ज्ञापन दे दिया, जिसके बाद उन्होंने कार्रवाई बंद कर दी। ऑडियो में टीआई ने कहा, “हमारी बातचीत हुई थी। हमने जानकारी ली थी। फिर हमने राहुल (आरोपी) की जानकारी कल ही ली थी कि राहुल को बैठाए ले रहे हैं। फिर अचानक वो ज्ञापन दे दिया तो हम रुक से गए।” उन्होंने आगे कहा, “हम सब कर रहे थे। हम तो खुद लीड लेकर काम कर रहे थे। जब हमने देख लिया कि राजबीर (एसआई) कुछ नहीं कर पा रहे तो हमने तुमसे सीधे बात की। इतने में आप लोगों ने ज्ञापन दे दिया तो फिर शाम को हमने ज्यादा गौर नहीं किया।” शिकायतकर्ता ने पूछा कि क्या वे ज्ञापन के बाद रुक गए थे, जिस पर टीआई ने जवाब दिया, “ज्ञापन के बाद ही तो रुक गए थे, नहीं तो क्यों रुकते।” शिकायतकर्ता ने फिर पूछा कि उन्हें ज्ञापन नहीं देना था, तो टीआई ने कहा, “जब अपनी बात हो गई, सब चीजें हो गईं तो।” क्या है पूरा मामला दरअसल, टीकमगढ़ निवासी लोकेंद्र सिंह परमार के साथ 2 अगस्त की रात महेंद्र सागर तालाब पर कुछ लड़कों ने मारपीट की थी। 3 अगस्त को पीड़ित पक्ष ने पहले कोतवाली में शिकायत की, लेकिन जब पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया तो दोपहर में एसपी सुधीर अग्रवाल से मुलाकात की। एसपी के निर्देश पर 3 अगस्त को कोतवाली थाना पुलिस ने शिवम जड़िया, ऋषि जड़िया, साहिल हरदासानी सहित एक अन्य के खिलाफ बीएनएस की धारा 296(b), 115(2), 309(4), 351(3) के तहत मामला दर्ज किया। हालांकि, घटना के 40 दिन बाद भी पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया है। धारा 309(4) लूट की धारा है। 7 अगस्त को की एसपी से शिकायत

इतने लंबे समय बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर लोकेंद्र सिंह परमार ने 7 अगस्त को पुलिस अधीक्षक को आवेदन दिया था। जिसमें आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तारी करने की मांग की थी। साथ ही आरोपी के परिजनों पर जबरन राजीनामा का दवाब बनाने व जान से मारने की धमकी की बात कही थी।
इसके बाद 13 अगस्त को पुलिस अधीक्षक और कोतवाली थाना प्रभारी को आवेदन दिया था। 19 अगस्त को शिकायतकर्ता लोकेंद्र सिंह और कोतवाली थाना प्रभारी के बीच फोन पर बातचीत हुई थी। जिसका ऑडियो गुरुवार को सामने आया है। लोकेंद्र सिंह ने बताया कि इस मामले को लेकर 8 सितंबर को फिर से पुलिस अधीक्षक को आवेदन दिया है। इसमें आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश इस मामले में एसपी सुधीर अग्रवाल का कहना है कि एसडीओपी राहुल कटरे मामले की जांच कर रहे हैं। कोतवाली थाना प्रभारी को गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए हैं। मैं अभी बाहर हूं। छुट्टी पर आया हूं। लौट कर मामले में पता करता हूं। शिकायतकर्ता लोगों सिंह का कहना है कि 6 अगस्त को जिले के दौरे पर आई प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर को भी इस संबंध में ज्ञापन दिया था। इसके बाद भी अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

India Fontline News

Subscribe Our NewsLetter!