12वीं के छात्र का शव फंदे से लटका मिला:सजेती में प्रेम प्रसंग की आशंका, मोबाइल से डिलीट मिले मैसेज, पुलिस मामले की जाँच मे जुटी
कानपुर में बुधवार देर रात 12वीं के छात्र ने घर के कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। छात्र का चचेरा भाई वीरेंद्र कमरे में पहुंचा तो शव पंखे के सहारे दुपट्टे से लटका मिला। यह देख उसकी चीख निकल गई। शोर सुनकर परिवार के लोग और पड़ोसी मौके पर पहुंचे। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने छात्र का मोबाइल कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है। मोबाइल में व्हाट्सएप के कुछ मैसेज डिलीट मिलने की बात सामने आई है। पुलिस प्रथम दृष्टया प्रेम प्रसंग समेत अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मामला सजेती थाना क्षेत्र के बरीपाल गांव का है। माता-पिता और बहन गए थे दवा लेने, घर पर अकेला था छात्र बरीपाल गांव निवासी किसान संजय पांडेय के परिवार में पत्नी राधा पांडेय, बेटी श्रद्धा पांडेय और इकलौता बेटा प्रखर पांडेय (18) था। प्रखर 12वीं का छात्र था। पिता के मुताबिक बुधवार को उनकी पत्नी और बेटी दवा लेने स्वरूपनगर गए थे। प्रखर उस समय घर पर अकेला था। घर लौटते समय मां और बहन ने किसी काम के सिलसिले में प्रखर को फोन किया, लेकिन कई बार कॉल करने के बावजूद फोन नहीं उठा। इसके बाद परिजनों ने प्रखर के चचेरे भाई वीरेंद्र को फोन कर घर जाकर देखने के लिए कहा। रात करीब आठ बजे वीरेंद्र घर पहुंचा। बाहर से प्रखर के नजर नहीं आने पर वह उसके कमरे में गया। दरवाजा खोलते ही सामने का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए। प्रखर का शव पंखे के सहारे दुपट्टे से लटका हुआ था। मोबाइल में डिलीट मिले व्हाट्सएप मैसेज, जांच में जुटी पुलिस वीरेंद्र की चीख-पुकार सुनकर परिवार के सदस्य और पड़ोसी मौके पर पहुंचे। परिजनों ने तत्काल 112 नंबर पर सूचना दी। कुछ ही देर में सजेती थाने की पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने कमरे और आसपास के स्थानों की जांच कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने छात्र का मोबाइल कब्जे में लेकर उसकी जांच शुरू की। प्रारंभिक छानबीन में मोबाइल के व्हाट्सएप पर कुछ मैसेज डिलीट मिले हैं। पुलिस मोबाइल की तकनीकी जांच के साथ ही छात्र के परिचितों और परिजनों से भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। छात्र ने आत्महत्या जैसा कदम क्यों उठाया, फिलहाल इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। प्रेम प्रसंग समेत कई बिंदुओं पर जांच सजेती थाना प्रभारी अनुज भारती ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। परिजनों से पूछताछ की गई है, लेकिन उन्होंने आत्महत्या की कोई स्पष्ट वजह नहीं बताई है। छात्र के मोबाइल को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। प्रेम प्रसंग समेत अन्य पहलुओं पर भी छानबीन जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Source link

