ड्राइवर ने प्रॉपर्टी डीलर के अकाउंट्स से 15.64 लाख निकाले:हिसार पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया, HDFC और SBI कार्ड का किया इस्तेमाल
हिसार में एक प्रॉपर्टी डीलर के बैंक खातों और एटीएम कार्ड का गलत इस्तेमाल कर 15 लाख 64 हजार 7 रुपए अपने खाते में ट्रांसफर करने के आरोप में पुलिस ने प्रॉपर्टी डीलर के ड्राइवर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सेक्टर 9-11 निवासी सचिन के रूप में हुई है। अर्बन एस्टेट थाना पुलिस ने उसके खिलाफ बीएनएस की धारा 316(2) और 318(4) के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ता गुलशन कुमार सिंगला प्रॉपर्टी डीलिंग हैं। आरोपी सचिन उनके पास लंबे समय से ड्राइवर के तौर पर काम कर रहा था। गुलशन कुमार अपने बैंक के दस्तावेज, क्रेडिट और डेबिट कार्ड कार में ही रखते थे। ड्राइवर होने के कारण सचिन की इन सभी चीजों तक पहुंच थी। बैंक स्टेटमेंट से खुला राज जांच में पता चला कि आरोपी ने शिकायतकर्ता के बैंक खातों और कार्ड का गलत इस्तेमाल कर अलग-अलग तरीकों से अपने खाते में पैसे ट्रांसफर किए। बैंक रिकॉर्ड की जांच से सामने आया कि HDFC बैंक खाते से 11 लाख 19 हजार रुपए, SBI डेबिट कार्ड से 2 लाख 99 हजार 7 रुपए और बंधन बैंक खाते से 75 हजार रुपए ट्रांसफर किए गए थे। इस तरह कुल 15 लाख 64 हजार 7 रुपए का लेन-देन हुआ। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बैंक स्टेटमेंट और दूसरे जरूरी दस्तावेज दिए। जांच के आधार पर अर्बन एस्टेट थाने में केस दर्ज किया गया। इसके बाद उप निरीक्षक बीर सिंह की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सचिन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। धोखाधड़ी में इस्तेमाल किए गए बैंक खातों, लेन-देन और पैसे की बरामदगी को लेकर जांच जारी है। पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने बताया कि बैंकिंग फ्रॉड और आर्थिक धोखाधड़ी के मामलों में पैसों के लेन-देन की गहराई से जांच कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Source link

