दमोह के 13 छात्रों ने प्रदेश में किया टॉप:10वीं में आठ और 12वीं में 5 स्टूडेंट्स मैरिट में आए
दमोह जिले के 13 छात्रों ने माध्यमिक शिक्षा मंडल की 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं में प्रदेश की मैरिट में स्थान बनाया है। बुधवार दोपहर घोषित परिणामों में बेटियों ने लड़कों से बेहतर प्रदर्शन करते हुए शीर्ष 10 सूची में जगह बनाई। जिले से 10वीं में आठ छात्रों ने, जबकि 12वीं में पांच छात्रों ने प्रदेश की मेरिट सूची में स्थान प्राप्त किया है। जिला शिक्षा अधिकारी ने सफल छात्रों को शुभकामनाएं दीं। कक्षा 10वीं में दमोह जिले से आठ छात्रों ने प्रदेश में टॉप किया है। इनमें पथरिया सरस्वती स्कूल के परशुराम पटेल ने 494 अंक के साथ छठवां स्थान हासिल किया। सीएम राइज स्कूल जबेरा की छात्रा संचिता मिश्रा ने 493 अंक प्राप्त कर सातवां स्थान पाया। मॉडल स्कूल हटा के छात्र संस्कार पटेल ने 492 अंक के साथ आठवां स्थान प्राप्त किया, जबकि सरस्वती स्कूल हिंडोरिया के छात्र शिवम पटेल ने भी 492 अंक के साथ आठवां स्थान हासिल किया। नवजाग्रति स्कूल की छात्रा ओझल जैन ने 491 अंक के साथ दसवां स्थान प्राप्त किया। उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मुड़िया की छात्रा दीक्षा लोधी और एक्सीलेंस स्कूल दमोह के छात्र सौरव अहिरवार ने भी 490 अंक प्राप्त कर दसवां स्थान हासिल किया। पिता गौतम अहिरवार ने बताया कि वे मजदूरी करते हैं और अपने बेटे को इंजीनियर बनाना चाहते हैं। उन्होंने बेटे की उपलब्धि पर खुशी व्यक्त की। वहीं बेटे की उपलब्धि पर मां की आंखों से आंसू आ गए और उन्होंने बेटे को दुलार किया। 12वीं में यह छात्र रहे टॉप
12वीं में एक्सीलेंस स्कूल की छात्रा निधि पिता सुखनंदन कुर्मी ने कला संकाय में 484 अंक हासिल कर छठवां स्थान प्राप्त किया। प्रगति पिता सुदामा असाटी ने मैथ्स विषय में 485 अंक हासिल कर आठवां स्थान प्राप्त किया। नवजाग्रति स्कूल की छात्रा छवि पिता संजय अग्रवाल ने वाणिज्य विषय से 488 अंक हासिल कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। राजेंद्र पाठक मेमोरियल स्कूल की छात्रा उजमा फातिमा पिता मुवस्सिर खान ने जीव विज्ञान से 487 अंक हासिल कर पांचवा स्थान प्राप्त किया। नवजागृति स्कूल की छात्रा राजनंदनी पिता लखनलाल पटेल ने बायोलॉजी विषय से 482 अंक हासिल कर दसवां स्थान प्राप्त किया। छात्रों ने तय की आगे की रणनीति
10वां स्थान हासिल करने वाले सौरव अहिरवार ने बताया कि वह मैथ्स विषय से पढ़ना चाहते हैं। 12वीं की छात्रा प्रगति असाटी ने बताया कि वह रोजाना 5 घंटे घर में रिवाइज करती थी। आगे सिविल सर्विसेज की तैयारी करना चाहती हैं। 12वीं की छात्रा छवि अग्रवाल ने बताया कि वह आगे चलकर चार्टर अकाउंटेंट का कोर्स करना चाहती हैं। कक्षा 12वीं की एक अन्य छात्रा राजनंदनी ने बताया कि प्रतिदिन 3 घंटे पढ़ाई करती थी परिवार में विचार विमर्श कर आगे की तैयारी करेंगी। जिला शिक्षा अधिकारी एसके नेम ने कहा कि यह बहुत ही गौरव का विषय है कि दमोह जिले के 13 छात्रों ने प्रदेश की टॉप 10 सूची में अपना स्थान बनाया है। इस बार दमोह जिला 51 नंबर पर आया है उन्होंने सभी सफल छात्रों को अग्रिम भविष्य की शुभकामनाएं दी है।
Source link

