दलित परिवार पर हमला, BSP ने किया प्रदर्शन:9 आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग, आंदोलन की चेतावनी
अजमेर में 16 मार्च को दलित परिवार पर हुए जानलेवा हमले के विरोध में बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने प्रदर्शन कर पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। पार्टी कार्यकर्ताओं ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को सुरक्षा और आर्थिक सहायता देने की मांग उठाई। जिला अध्यक्ष ने ज्ञापन में बताया- 16 मार्च की सुबह करीब 8 बजे कई लोगों ने कुल्हाड़ी, दांतली और डंडों से लैस होकर सुनियोजित तरीके से हमला किया। हमले में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। शरीर पर धारदार हथियारों से कई वार किए गए। पुराने केस में दबाव बनाने का आरोप जिला अध्यक्ष के अनुसार आरोपियों के खिलाफ पहले से गैंगरेप व पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज है। उसी केस में बयान बदलने का दबाव बनाने के लिए इस घटना को अंजाम दिया गया। घायलों को हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया, जहां तीनों के पैरों के ऑपरेशन किए गए। BSP ने आरोप लगाया कि सूचना के बावजूद पुलिस देर से मौके पर पहुंची, जिससे घायलों का काफी खून बह गया। साथ ही समय पर वाहन की व्यवस्था नहीं होने से भी परेशानी हुई। 9 आरोपी अब भी फरार, सुरक्षा की मांग ज्ञापन में कहा गया कि नामजद सभी 9 आरोपी अब तक गिरफ्तार नहीं हुए हैं। खुलेआम घूम रहे हैं। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि आरोपियों द्वारा खेत में जाने का रास्ता भी रोका जा रहा है। इससे परिवार भय के माहौल में जी रहा है। BSP की चेतावनी पार्टी ने मांग की है कि सभी आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर हत्या के प्रयास की धारा जोड़ी जाए। पीड़ित परिवार के घर पर दो पुलिसकर्मी तैनात किए जाएं। राहत कोष से आर्थिक सहायता दी जाए। BSP ने चेतावनी दी कि यदि 48 घंटे के भीतर कार्रवाई नहीं की गई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
Source link

