नूंह में पुरुष मरीज की रिपोर्ट में महिला अंग दर्शाए:गर्भाशय और अंडाशय दिखाए गए, अल्ट्रासाउंड सेंटर ने ऑपरेटर की गलती मानी
नूंह के भारत अल्ट्रासाउंड एंड डायग्नोस्टिक सेंटर में एक पुरुष मरीज की अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट में गंभीर लापरवाही सामने आई है। बीते शुक्रवार को किडनी दर्द से पीड़ित 45 वर्षीय एक पुरुष मरीज को दी गई रिपोर्ट में महिला के अंगों का उल्लेख किया गया, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। मरीज नूंह के दिल्ली-अलवर रोड स्थित भारत अल्ट्रासाउंड सेंटर में जांच कराने पहुंचा था। रिपोर्ट में मरीज का नाम और अन्य सामान्य विवरण सही थे, लेकिन इसमें “यूटेरस (गर्भाशय) और ओवरी (अंडाशय) जैसे महिला अंगों का जिक्र था। रिपोर्ट देखकर मरीज असमंजस में पड़ गया। जब वह यह रिपोर्ट लेकर डॉक्टर के पास पहुंचा, तो डॉक्टर ने इसे देखते ही आश्चर्य व्यक्त किया और पूछा कि यह किस महिला की रिपोर्ट है। सेंटर के डॉक्टर बोले- रिपोर्ट प्रिंट करते समय हुई गलती इस मामले के सामने आने के बाद अल्ट्रासाउंड सेंटर की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे। सेंटर के सार्वजनिक मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर डॉ. राजेश चौधरी ने स्पष्टीकरण दिया। उन्होंने बताया कि रिपोर्ट प्रिंट करते समय कंप्यूटर ऑपरेटर से तकनीकी त्रुटि हुई थी, जिस कारण गलत डेटा प्रिंट हो गया था। डॉ. चौधरी के अनुसार, मरीज को तुरंत सही रिपोर्ट दोबारा प्रिंट करके दी गई। इसके बाद मरीज और सेंटर के डॉक्टरों के बीच आपसी सहमति से मामला सुलझा लिया गया। इस घटना ने निजी जांच केंद्रों में गुणवत्ता नियंत्रण और सतर्कता की कमी को एक बार फिर उजागर किया है, जो मरीजों की सुरक्षा और सही निदान के लिए चिंता का विषय है।
Source link

